Heat Wave Alert: अभी तो गर्मी की शुरुआत हुई है, यूपी के इस जिले में पड़ेगी और भी ज्यादा गर्मी; जानिए कब मिलेगी राहत

आगरा शनिवार को उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। उमस और बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। ताजमहल घूमने आए पर्यटक भी गर्मी से परेशान दिखे। मौसम विभाग ने 30 जून के बाद बदलाव और जुलाई की शुरुआत में बारिश की संभावना जताई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 28 June 2026, 10:25 AM IST
google-preferred

Agra: मानसून का इंतजार कर रहे आगरावासियों को शनिवार को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। आगरा का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। प्रयागराज का तापमान भी इतना ही रहा, लेकिन आगरा का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री होने से यहां दिन के साथ रात भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी रही। लगातार उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया।

सुबह से ही तेज धूप ने बढ़ाई मुश्किलें

शनिवार सुबह 10 बजे के बाद ही तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया। दोपहर करीब ढाई बजे तक पारा 43.2 डिग्री पर पहुंच गया। 65 प्रतिशत आर्द्रता के कारण लोग लगातार पसीने से तर-बतर रहे। गर्मी के चलते बिजली की मांग बढ़ी, जिससे कई इलाकों में बार-बार बिजली कटौती और शटडाउन की समस्या बनी रही। रात में भी लोगों को राहत नहीं मिली।

ताजमहल पहुंचे पर्यटक भी गर्मी से हुए परेशान

भीषण गर्मी के बावजूद शनिवार को 30 हजार से अधिक पर्यटक ताजमहल पहुंचे। सुबह के समय लंबी कतारें देखने को मिलीं, लेकिन दोपहर में तेज धूप और उमस के कारण परिसर खाली होने लगा। कई पर्यटक छाते, टोपी और पानी की बोतल के सहारे खुद को बचाते नजर आए। गर्मी की वजह से चार पर्यटकों की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया।

स्कूल में छात्र की बिगड़ी तबीयत

भीषण गर्मी का असर बच्चों पर भी देखने को मिला। बरौली अहीर स्थित प्राथमिक विद्यालय गढ़ी वृंदावन में कक्षा एक के छात्र अमन की नाक से गर्मी के कारण खून निकलने लगा। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने एहतियातन समय से पहले छुट्टी कर दी। शिक्षक संगठनों ने भी स्कूल के समय में बदलाव की मांग उठाई है।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब इस शख्स की आई शामत, सुबह-सुबह घर पहुंची पुलिस

कब मिलेगी गर्मी से राहत?

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले दो दिन तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि 30 जून से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है और 3 जुलाई तक आगरा में मानसून की पहली अच्छी बारिश होने के आसार हैं। लोगों को तब तक सावधानी बरतने और तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है।

Location :  Agra

Published :  28 June 2026, 10:25 AM IST

Advertisement