सरकारी अफसरों के सामने तड़तड़ाईं लाठियां और चली कुल्हाड़ी, चीख-पुकार के बीच छह घायल, ऐसा हमला कि कांप उठे अफसर!

आगरा के सैंया में चक रोड विवाद ने तब खूनी मोड़ ले लिया जब सरकारी टीम के सामने ही दबंगों ने कुल्हाड़ी और लाठियों से तांडव मचाया। डीएम से अवैध कब्जे की शिकायत के बाद बिना पुलिस बल पहुंची राजस्व टीम के सामने छह लोग लहूलुहान हो गए। गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 June 2026, 3:36 PM IST

Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सैंया थाना क्षेत्र के नदीम गांव में उस वक्त अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जब पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम के सामने ही दबंगों ने खूनी खेल खेल डाला। चक रोड (रास्ते) से अवैध अतिक्रमण हटाने की शिकायत से बौखलाए दबंगों ने प्रशासनिक टीम की मौजूदगी की भी परवाह नहीं की और लाठी-डंडों व धारदार कुल्हाड़ी से लैस होकर दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस हिंसक वारदात में दोनों पक्षों के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

चक रोड पर अवैध कब्जे को लेकर था पुराना विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, सैंया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव नदीम में राजाराम और विद्याराम के परिवार निवास करते हैं। दोनों ही पक्षों के खेत बिल्कुल पास-पास हैं और खेतों तक आने-जाने के लिए एक चक रोड बनी हुई है। पीड़ित राजाराम के पुत्र सौदान सिंह का आरोप है कि गांव के ही विद्याराम और उसके करीबियों ने इस सरकारी चक रोड पर अवैध निर्माण कर उसे अपने कब्जे में ले लिया था। इस अवैध कब्जे के कारण पीड़ित पक्ष को अपने खेतों की जुताई, बुवाई और कृषि वाहनों के आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

Agra Crime News: नाबालिग को बनाया था अपनी हवस का शिकार, आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

अवैध कब्जे और दबंगई से परेशान होकर पीड़ित सौदान सिंह ने न्याय की गुहार लगाई थी। उसने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत तहसील दिवस के दौरान सीधे जिलाधिकारी (DM) से की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले को संज्ञान में लेते हुए राजस्व विभाग की टीम को मौके पर जाकर जांच और पैमाइश के आदेश दिए गए थे।

बिना पुलिस बल पहुंची राजस्व टीम, दबंगों ने बोला धावा

इस पूरे घटनाक्रम में प्रशासनिक लापरवाही भी उजागर हुई है। तहसील दिवस में हुई शिकायत के बाद राजस्व विभाग की टीम बिना किसी पूर्व सूचना के और बिना पर्याप्त पुलिस बल के ही सीधे पैमाइश करने नदीम गांव पहुंच गई। जैसे ही टीम ने जमीन को नापना शुरू किया, वैसे ही आरोपी पक्ष के विद्याराम, हरी सिंह, सुरेन्द्र, मुन्ना, भूरी सिंह, भोलू, दिलीप और सुनहरी आगबबूला हो गए। इन दबंगों ने शिकायतकर्ता पक्ष के सौदान सिंह, राजकुमार और चोब सिंह को घेर लिया और सरेआम गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। जब पीड़ितों ने इस गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपियों ने पहले से घात लगाकर रखे लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी से उन पर जानलेवा हमला बोल दिया।

लहूलुहान हुए ग्रामीण, राजस्व टीम के सामने मची भगदड़

राजस्व टीम के सामने ही दबंगों की कुल्हाड़ी और लाठियां तड़तड़ाने लगीं। इस अचानक हुए हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई और सरकारी कर्मचारियों में भी भगदड़ की स्थिति बन गई। दबंगों ने बेरहमी से पीट-पीटकर शिकायतकर्ता के भाइयों को लहूलुहान कर दिया। इस खूनी संघर्ष में पीड़ित पक्ष के राजकुमार, चोब सिंह और सौदान सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मारपीट और धारदार हथियार चलने के कारण दोनों पक्षों की ओर से कुल छह लोग लहूलुहान हुए हैं।

UP Crime: प्यार या साजिश? सात फेरों का रिश्ता बना मौत का राज, घर के अंदर खौफनाक वारदात

भारी पुलिस बल तैनात, छावनी में तब्दील हुआ गांव

वारदात की सूचना मिलते ही सैंया थानाध्यक्ष गुरविंदर सिंह आनन-फानन में भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और सभी घायलों को तुरंत इलाज व मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा शांति भंग न हो सके।

दोनों पक्षों ने दी तहरीर, पुलिसिया कार्रवाई शुरू

इस खूनी जंग के बाद नदीम गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है, लेकिन पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक, इस हिंसक झड़प को लेकर दोनों ही पक्षों की ओर से थाने में लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Location :  Agra

Published :  16 June 2026, 3:36 PM IST