प्लाईवुड टूटा और 70 फीट गहरे कुएं में गिर गई मासूम, तीन घंटे तक चीख-चीख कर बेटी को पुकारते रहे मां-बाप

आगरा के गोपालपुरा गांव में चार साल की मासूम बिट्टू 70 फीट गहरे कुएं में गिर गई। जहरीली गैस और मुश्किल हालात के बीच तीन घंटे तक रेस्क्यू चला, लेकिन बच्ची की जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 May 2026, 3:01 PM IST

Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित गोपालपुरा गांव में एक दर्दनाक हादसे में चार साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। खेलते समय बच्ची ट्यूबवेल के 70 फीट गहरे कुएं में गिर गई। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया।

मायके आई थी मां, जुड़वां बहनों के साथ खेल रही थी बच्ची

गोपालपुरा गांव निवासी किसान अनिल कटारा की बेटी हेमा अपने पति सौरभ तिवारी और जुड़वां बेटियों बिट्टू और किट्टू के साथ बृहस्पतिवार को मायके आई थीं। परिवार में एकादशी उद्यापन का कार्यक्रम चल रहा था, जिसके चलते घर में चहल-पहल थी।

परिजनों के मुताबिक, घर के पास एक पुराना कुआं बना हुआ है। कुएं में सबमर्सिबल पंप की बोरिंग कराने के बाद उसे प्लाईवुड से ढक दिया गया था। शाम के समय दोनों बहनें वहीं खेल रही थीं। इसी दौरान अचानक प्लाईवुड टूट गया और चार साल की बिट्टू सीधे 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। उसके पीछे चल रही बहन किट्टू बाल-बाल बच गई।

Agra News: लॉकर की डुप्लीकेट चाबियां, 2 लाख का गोल्ड लोन और एक स्पाई कैमरा; आगरा के इस मामा की पूरी कहानी

बहन के शोर मचाने पर जुटे लोग

अपनी जुड़वां बहन को कुएं में गिरता देख किट्टू जोर-जोर से चीखने लगी। आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। कुछ ही देर में बाह से दमकल विभाग की टीम गांव पहुंच गई।

मगर कुएं में जहरीली गैस होने की आशंका के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने में काफी दिक्कत आई। सुरक्षा इंतजामों और उपकरणों की कमी के चलते बच्ची को तुरंत बाहर नहीं निकाला जा सका। इस दौरान परिजन बदहवास हालत में मदद की गुहार लगाते रहे।

रेस्क्यू में देरी पर भड़के ग्रामीण, सड़क पर लगाया जाम

करीब तीन घंटे तक बच्ची के कुएं में फंसे रहने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने बाह-कचौरा घाट मार्ग पर लकड़ी और अन्य सामान डालकर जाम लगा दिया। ग्रामीण प्रशासन और राहत टीम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।

सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार सुधीर गिरी मौके पर पहुंचे। हालात बिगड़ते देख एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई। इसी बीच दमकल विभाग के एक कर्मचारी ने रस्सी के सहारे कुएं में उतरने का फैसला लिया। काफी मशक्कत के बाद बच्ची को बाहर निकाला गया।

Agra News: ताजमहल में शाहजहां उर्स को लेकर बवाल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; पढ़ें क्या है पूरा मामला

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

रेस्क्यू के बाद मासूम बिट्टू को एंबुलेंस से बाह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने के दौरान भी ग्रामीणों ने एंबुलेंस रोककर विरोध प्रदर्शन किया। लोग घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।

डीसीपी के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला

घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी और जाम खुलवाया गया।

डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि बच्ची 70 फीट गहरे कुएं में गिर गई थी। दमकलकर्मियों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मामले में तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Agra

Published :  29 May 2026, 3:01 PM IST