हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- Pinterest)
Agra: थाना सिकंदरा क्षेत्र स्थित औद्योगिक क्षेत्र में एक जूता फैक्टरी में तैनात गार्ड ने ही अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। जिस व्यक्ति को फैक्टरी की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उसी ने अपने साथियों को बुलाकर फैक्टरी से सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से चोरी का माल भी बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सिकंदरा क्षेत्र स्थित थैंक्स एक्सपोर्ट फैक्टरी के मैनेजर मनीष मंडल ने पुलिस को बताया कि उनकी फैक्टरी में जीवनी मंडी स्थित सीएमएक्स सिक्योरिटी सर्विसेज की ओर से कासगंज के कातौर निवासी पंकज कुमार को सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात किया गया था। फैक्टरी की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी पंकज के पास थी।
Agra News: आगरा को मिलने वाला है बड़ा तोहफा! कौन से तीन नए हुनर बदल देंगे जिले की पहचान?
बताया गया कि मंगलवार रात पंकज कुमार ने अपने दो अन्य साथियों को फैक्टरी में बुलाया। दोनों साथी कार से वहां पहुंचे थे। इसके बाद तीनों ने मिलकर फैक्टरी से सामान चोरी किया और मौके से फरार हो गए। चोरी की यह पूरी घटना फैक्टरी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिससे आरोपियों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में गार्ड और उसके साथियों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दीं। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और मामले के खुलासे के लिए अभियान चलाया।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस ने बुधवार रात कासगंज के बदहारी वैश क्षेत्र निवासी अतुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया इनवर्टर, दो बैटरियां, घटना में इस्तेमाल की गई कार तथा 450 रुपये बरामद किए गए हैं।
Agra News: थार की टक्कर से युवक की मौत, फिर सड़क पर ऐसा बवाल कि पुलिस भी रह गई बेबस
पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुख्य आरोपी सुरक्षा गार्ड पंकज कुमार और उसका एक अन्य साथी विकास अभी फरार हैं। विकास कासगंज के नसरतपुर का रहने वाला बताया गया है। दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी अतुल कुमार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Agra
Published : 19 June 2026, 1:40 PM IST