हिंदी
धान रोपाई से पहले प्रशासन अलर्ट
Gorakhpur: गोरखपुर में धान रोपाई के मौसम की शुरुआत के साथ ही जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। खेतों में जहां किसान धान की नर्सरी यानी वेहन तैयार करने में जुट गए हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रशासन ने खेती और घरेलू जरूरतों से जुड़ी जरूरी सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। खासतौर पर डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की सप्लाई को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है ताकि किसानों और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में जिले में डीजल, पेट्रोल और एलपीजी गैस की सप्लाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। डीएसओ ने साफ तौर पर कहा कि धान रोपाई का समय किसानों के लिए बेहद संवेदनशील होता है और इस दौरान ईंधन की कमी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तेल कंपनियों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल और पेट्रोल उपलब्ध रहे।
बैठक में प्रशासन की तरफ से साफ संदेश दिया गया कि खेती का काम किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होना चाहिए। धान रोपाई के दौरान किसान सुबह से देर शाम तक खेतों में मेहनत करते हैं और इस समय डीजल की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। गोरखपुर के ग्रामीण इलाकों में किसान इन दिनों खेतों में धान की नर्सरी तैयार करने में जुटे हुए हैं। कई जगहों पर ट्रैक्टर और सिंचाई उपकरण लगातार चल रहे हैं। ऐसे में डीजल की सप्लाई सुचारू रखना प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता बन गई है।
गोरखपुर: कपड़ा खरीदने निकली युवती लापता, युवक समेत तीन पर केस दर्ज, परिवार में मचा हड़कंप
सिर्फ खेती ही नहीं बल्कि घरेलू जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रसोई गैस की सप्लाई व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई किसी भी हाल में बाधित नहीं होनी चाहिए। डीएसओ ने एजेंसी संचालकों से कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं और कृत्रिम संकट पैदा करने की कोशिश न हो। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अगर कहीं भी लापरवाही या कालाबाजारी की शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
धान रोपाई के मौसम को देखते हुए कृषि और सिंचाई विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं की जानकारी लें और उनका तुरंत समाधान कराएं। बीज, खाद, सिंचाई और बिजली की उपलब्धता पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन चाहता है कि किसानों को किसी भी स्तर पर दिक्कत न हो ताकि रोपाई का काम समय पर पूरा किया जा सके।
बैठक के दौरान इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि गोरखपुर जिले में डीजल, पेट्रोल और एलपीजी गैस की सप्लाई पूरी तरह सुचारू रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्टॉक और अतिरिक्त सप्लाई की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि किसी भी स्थिति में संकट न पैदा हो।
Location : Gorakhpur
Published : 23 May 2026, 2:48 PM IST