रायबरेली में प्रशासन सतर्क: डलमऊ में बाढ़ की निगरानी, सई नदी में दिखे मगरमच्छ से मचा हड़कंप

रायबरेली में लगातार बारिश के चलते प्रशासन सतर्क हो गया है। ADM अमृता सिंह ने डलमऊ क्षेत्र का दौरा कर बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। वहीं, सई नदी में दो विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से सनसनी फैल गई। वन विभाग को सूचना देकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

Raebareli News: रायबरेली जनपद में लगातार हो रही बारिश को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देशानुसार संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) अमृता सिंह ने तहसील डलमऊ के अंतर्गत बाढ़ संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और वहां की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ADMs ने जमाल नगर उर्फ मोहद्दीनपुर और कान्हा गौशाला का दौरा कर स्थानीय ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी भी गांव में बाढ़ का पानी नहीं घुसा है और स्थिति सामान्य बनी हुई है। हालांकि, आगामी तीन दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क किया गया है।

बाढ़ से निपटने के निर्देश और व्यवस्थाएं

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि

  • गांवों में ब्लीचिंग पाउडर और एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जाए।
  • शुद्ध पेयजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
  • बाढ़ चौकियों को 24 घंटे संचालित रखा जाए और समय-समय पर उनकी निगरानी की जाए।
  • प्रशासनिक अधिकारियों को बाढ़ चौकियों और प्रभावित गांवों का नियमित दौरा करने का भी निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान SDM डलमऊ अहमद फरीद खान, CSC इंचार्ज डॉ. नवीन कुमार, खंड विकास अधिकारी अशोक सचान, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक, क्षेत्रीय लेखपाल, आशा और ANM भी मौजूद रहे।

सई नदी में नजर आए दो विशालकाय मगरमच्छ, वन विभाग को दी गई सूचना

इसी बीच रायबरेली के मुंशीगंज स्थित शहीद स्मारक के पास बहने वाली सई नदी में दो विशालकाय मगरमच्छों के दिखने से हड़कंप मच गया। नदी किनारे घूमने आए लोगों ने इनमें से एक मगरमच्छ की तस्वीर कैमरे में कैद कर ली, जो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सई नदी में पहले कभी इतने बड़े मगरमच्छ दिखाई नहीं दिए। इस घटना के बाद नदी किनारे लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। वन विभाग को सूचना दे दी गई है, ताकि मगरमच्छों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Location : 
  • Raebareli

Published : 
  • 4 August 2025, 1:00 AM IST