
ठूठीबारी थाना और इंडो-नेपाल बॉर्डर का औचक निरीक्षण
Maharajganj: महराजगंज के सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अचानक हलचल तेज हो गई, जब गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक मुथा अशोक जैन मंगलवार को औचक निरीक्षण पर पहुंच गए। बिना पूर्व सूचना के हुए इस दौरे से पुलिस महकमे में खलबली मच गई और अधिकारी-कर्मचारी पूरी तरह अलर्ट नजर आए। सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए एडीजी ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिकॉर्ड को अपडेट रखने पर खास जोर दिया गया
सबसे पहले एडीजी ठूठीबारी थाना पहुंचे। यहां उन्होंने थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र का बारीकी से निरीक्षण किया। अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति को गंभीरता से परखा। उन्होंने निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले हर फरियादी को समयबद्ध और पारदर्शी न्याय मिलना चाहिए। लंबित मामलों को जल्द निपटाने और रिकॉर्ड को अपडेट रखने पर खास जोर दिया गया।
अवैध तस्करी, मानव तस्करी और मादक पदार्थों पर कड़ी नजर
इसके बाद एडीजी ने इंडो-नेपाल बॉर्डर क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों की जमीनी हकीकत जानी। सीमा पर तैनात पुलिस बल और सशस्त्र सीमा बल के जवानों से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय और खुफिया तंत्र को मजबूत रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने अवैध तस्करी, मानव तस्करी और मादक पदार्थों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। संयुक्त गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया।
"जरा सी चूक भी गंभीर परिणाम दे सकती है"
एडीजी ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए अनुशासन और पारदर्शिता को कानून-व्यवस्था की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि जनता के साथ बेहतर व्यवहार और भरोसे का रिश्ता बनाना भी उतना ही जरूरी है जितना अपराध पर सख्ती। सीमावर्ती क्षेत्र की संवेदनशीलता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां जरा सी चूक भी गंभीर परिणाम दे सकती है। निरीक्षण के दौरान जनपद के पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी ठूठीबारी और सीमा चौकी प्रभारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। एडीजी के इस औचक दौरे से साफ संकेत मिला है कि आने वाले दिनों में सीमावर्ती इलाके में निगरानी और भी कड़ी होगी।
Location : Maharajganj
Published : 24 February 2026, 9:10 PM IST