Acid Attack: बरेली में सोते परिवार पर फेंका तेजाब, पति-पत्नी समेत दो मासूम बच्चे झुलसे

बरेली जिले के शेरगढ़ कस्बे में शनिवार तड़के दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के बरामदे में सो रहे एक परिवार पर अज्ञात हमलावर ने तेजाब फेंक दिया, जिससे पति-पत्नी और उनके दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 May 2026, 6:37 PM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के शेरगढ़ कस्बे में शनिवार तड़के दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के बरामदे में सो रहे एक परिवार पर अज्ञात हमलावर ने तेजाब फेंक दिया, जिससे पति-पत्नी और उनके दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शेरगढ़ ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया गया।

मच्छरदानी पर फेंका तेजाब

जानकारी के मुताबिक दंपती अपने दो मासूम बेटों के साथ घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे। परिवार ने मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी लगा रखी थी। आरोप है कि इसी दौरान हमलावर ने सोते हुए परिवार पर तेजाब फेंक दिया।

तेजाब पड़ते ही मच्छरदानी जलने लगी और चारों लोग बुरी तरह झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

अवैध संबंधों को लेकर विवाद

पीड़ित के चाचा ने बताया कि भतीजे की पत्नी के उमेश कश्यप नामक युवक से कथित संबंध थे। परिवार ने महिला को आरोपी से दूरी बनाने के लिए कहा था, जिसके बाद वह कुछ समय के लिए मायके चली गई थी।

करीब ढाई महीने बाद वह एक सप्ताह पहले ही वापस ससुराल लौटी थी। आरोप है कि महिला द्वारा बातचीत बंद किए जाने से नाराज होकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।

छत के रास्ते घर में घुसने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि उमेश कश्यप छत के रास्ते घर में घुसा और परिवार पर तेजाब फेंककर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की।

आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस टीमें

मामले में थाना प्रभारी Rajesh Kumar ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपी उमेश कश्यप के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं, जो लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही हैं।

Location :  Bareilly

Published :  16 May 2026, 6:37 PM IST