दिल्ली में बहन करती रही इंतजार, इधर बिहार के भैया की गाजियाबाद में हो गई मौत, इंद्र होटल में हत्या या हादसा?

बजरिया स्थित इंद्र होटल की तीसरी मंजिल से 36 वर्षीय आलोक राय नीचे गिर गए। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आलोक अपनी बहन के इलाज के सिलसिले में दिल्ली आए थे और होटल में अपने जीजा के साथ ठहरे थे।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 13 August 2026, 4:29 PM IST

Ghaziabad: शहर में एक होटल की तीसरी मंजिल से युवक नीचे गिर गया। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि युवक बालकनी से असंतुलित होकर नीचे गिरा था या उसने खुद छलांग लगाई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। होटल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

बहन के इलाज के सिलसिले में दिल्ली आया था युवक

मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के बजरिया स्थित इंद्र होटल का है। बिहार के सुपौल जिले के निर्मली थाना क्षेत्र के ग्राम जरौली पोस्ट हरियाली निवासी 36 वर्षीय आलोक राय अपनी बहन के इलाज के सिलसिले में दिल्ली आए थे। उनकी बहन का इलाज सर गंगाराम अस्पताल में चल रहा है। बजरिया स्थित इंद्र होटल में आलोक के जीजा ललित कामत मैनेजर के पद पर काम करते हैं। आलोक अपने जीजा ललित से मिलने होटल पहुंचे थे। इसके बाद ललित कामत ने उन्हें होटल की तीसरी मंजिल पर बने गेस्ट रूम में ठहरा दिया। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 4:00 बजे आलोक दिल्ली जाने के लिए तैयार हो रहे थे। इसी दौरान वह होटल की तीसरी मंजिल की बालकनी से नीचे फर्श पर गिर गए।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची

आलोक के नीचे गिरने की जानकारी मिलते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की ओर से पुलिस को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और होटल में छानबीन की।

हादसा या खुदकुशी? पुलिस खंगाल रही CCTV

फिलहाल आलोक की मौत की वजह को लेकर स्थिति साफ नहीं है। होटल स्टाफ का कहना है कि वह बालकनी से असंतुलित होकर नीचे गिरे थे। वहीं, पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं उन्होंने खुद तो छलांग नहीं लगाई थी। पुलिस ने होटल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिससे घटना से पहले और घटना के वक्त की स्थिति का पता लगाया जा सके।

Location :  Ghaziabad

Published :  13 August 2026, 4:29 PM IST