ग्रेटर नोएडा वेस्ट की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में देर रात पार्टी के दौरान दिल्ली पुलिस के सिपाही की गर्लफ्रेंड ने उसकी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है, पुलिस जांच जारी है।

Symbolic Photo
Greater Noida: यूपी के ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके में देर रात जो हुआ, उसने पूरे इलाके को दहला दिया। एक सोसाइटी के फ्लैट के अंदर पार्टी का माहौल था। हंसी-मजाक और संगीत चल रहा था, लेकिन कुछ ही पलों में वही माहौल चीख-पुकार, खून और अफरा-तफरी में बदल गया। दिल्ली पुलिस में तैनात एक सिपाही की लाइसेंसी पिस्टल से उसकी गर्लफ्रेंड ने खुद को गोली मार ली। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरी सोसाइटी में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए।
राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में रात का हंगामा
पूरा मामला बिसरख कोतवाली क्षेत्र की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी का है। देर रात फ्लैट में पार्टी चल रही थी। इसी दौरान दिल्ली पुलिस में तैनात आशीष और उसकी गर्लफ्रेंड प्रिया के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। माहौल गर्म हुआ और बहस तेज होती चली गई। कुछ ही देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज आई, जिससे सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई।
खून से लथपथ मिली युवती
सोसाइटी के लोग जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक युवती खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल थी। आनन-फानन में आशीष खुद उसे लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। युवती की पहचान 25 वर्षीय प्रिया के रूप में हुई है।
पत्नी से तलाक और रिश्तों का तनाव
पुलिस जांच में सामने आया है कि आशीष का अपनी पत्नी से तलाक का मामला चल रहा था। वह पिछले करीब 5 सालों से प्रिया के साथ रिलेशनशिप में था और पिछले पांच महीनों से दोनों राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में साथ रह रहे थे। रिश्तों में पहले से तनाव और पारिवारिक विवाद की बातें भी सामने आई हैं।
पत्नी के फोन से भड़का विवाद
पुलिस के मुताबिक, पार्टी के दौरान आशीष की पहली पत्नी का फोन आया। जिसे प्रिया ने रिसीव कर लिया। फोन पर ही दोनों महिलाओं के बीच कहासुनी हुई, जिससे प्रिया भावनात्मक रूप से टूट गई। गुस्से और आवेश में आकर उसने आशीष की लाइसेंसी पिस्टल उठाई और खुद को गोली मार ली।
पुलिस जांच और फॉरेंसिक कार्रवाई
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, फ्लैट को सील किया गया और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। आशीष को हिरासत में ले लिया गया है और उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और युवती के परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।