चंदौली के मवई कला रिंग रोड अंडरपास के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। 12 वर्षीय वैभव तिवारी की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय वैश्वी गंभीर घायल है। चालक हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी।

स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार भाई-बहन को रौंदा
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मवई कला रिंग रोड अंडरपास के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रौना निवासी 12 वर्षीय वैभव तिवारी और 14 वर्षीय वैश्वी शुक्रवार दोपहर स्कूल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिहार नंबर की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैभव तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैश्वी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात को संभालने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स को बुलाना पड़ा।
मृतक वैभव तिवारी और घायल वैश्वी आपस में सगे भाई-बहन हैं। दोनों सीआरपीएफ जवान धीरज तिवारी के पुत्र-पुत्री बताए जा रहे हैं। बेटे की मौत और बेटी की गंभीर हालत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। गांव रौना में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
घायल वैश्वी को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बिहार नंबर स्कॉर्पियो ने ली मासूम की जान
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
पीडीडीयू नगर के सीओ अरुण सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो द्वारा स्कूटी को टक्कर मारने से एक बच्चे की मृत्यु हुई है और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं एसडीएम अनुपम मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रहा है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Chandauli News: GT रोड पर अचानक धू-धू कर जलने लगी बाइक, लोगों के बीच मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और रिंग रोड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।