पुलवामा शहीद पंकज त्रिपाठी की सातवीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, गांव ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

फरेंदा (महराजगंज) में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी 2019 को हुए भीषण आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवान पंकज त्रिपाठी की सातवीं पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और गर्व के साथ मनाई गई।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 February 2026, 6:04 PM IST

Pharenda (Maharajganj): फरेंदा (महराजगंज) में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी 2019 को हुए भीषण आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवान पंकज त्रिपाठी की सातवीं पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और गर्व के साथ मनाई गई। उनके पैतृक गांव हरपुर बेलहिया में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में देशभक्ति का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। वर्ष 2019 का वह कायराना हमला आज भी देशवासियों के दिलों में ताजा है, जिसने पूरे राष्ट्र को झकझोर कर रख दिया था।

परिजनों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

पुण्यतिथि के अवसर पर शहीद के पिता ओमप्रकाश त्रिपाठी, पत्नी रोहिणी त्रिपाठी, भाई शुभम त्रिपाठी और पुत्र प्रतीक ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। गांव की गलियों से लेकर श्रद्धांजलि स्थल तक देशभक्ति के नारों की गूंज सुनाई दी। सुबह से ही ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का श्रद्धांजलि स्थल पर तांता लगा रहा।

दो मिनट का मौन और गूंजे देशभक्ति के नारे

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को नमन किया। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “शहीद पंकज त्रिपाठी अमर रहें” जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने शहीद के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका त्याग राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

माघ मेला समापन से पहले गरमाई सियासत, शंकराचार्य विवाद पर अखिलेश यादव का बड़ा बयानच; जानिए क्या बोले

बलिदान को बताया अमिट उदाहरण

वरिष्ठ अधिवक्ता अभिजीत सिंह ने कहा कि पुलवामा की घटना देश के इतिहास का एक दर्दनाक अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि पंकज त्रिपाठी ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का अमिट उदाहरण है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने का आह्वान भी किया।

Maharajganj: बंद घर बना निशाना: बेटी की शादी से पहले हुआ ये कांड, जानें पूरी खबर

जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर, पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश जायसवाल, थानाध्यक्ष फरेंदा योगेंद्र राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। गांववासियों ने संकल्प लिया कि वे शहीद के आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 14 February 2026, 6:04 PM IST