Maharajganj: बृजमनगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जहां पति-पत्नी के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्से में बेकाबू हुए पति ने अपनी पत्नी को बातचीत के बहाने घर के अंदर बुलाया और अचानक कुल्हाड़ी से उसके सिर पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। जिससे पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।
लंबे समय से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद
जानकारी के मुताबिक यह घटना बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सौरहा में गुरुवार शाम करीब चार बजे हुई। मृतका की पहचान नजमा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी मुर्तुजा के साथ हुई थी लेकिन शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घरेलू कलह इतनी बढ़ गई थी कि नजमा ज्यादातर समय अपने मायके ग्राम बरगाहपुर में रहने लगी थी, जो इसी थाना क्षेत्र में पड़ता है।
परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच संबंध काफी समय से खराब चल रहे थे और इसी वजह से नजमा का ससुराल आना-जाना बहुत कम हो गया था।
सामान लेने आई थी ससुराल
गुरुवार दोपहर नजमा अपनी मां आयशा और एक लड़के के साथ सौरहा स्थित अपने पति के घर पहुंची थी। उसका मकसद वहां से अपना जरूरी सामान लेना था। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के बाद उसने अपने पति से बातचीत की और फिर सामान लेकर बाहर निकलने लगी।
इसी दौरान मुर्तुजा ने उसे आवाज देकर वापस घर के अंदर बुलाया और कहा कि उसे एक जरूरी बात करनी है। नजमा जैसे ही घर के अंदर गई, तभी अचानक मुर्तुजा ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई मौत
अचानक हुए इस हमले से नजमा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग और परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश करने लगे लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
आरोपी पति फरार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मुर्तुजा मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतका की मां आयशा की ओर से तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं।
