Site icon Hindi Dynamite News

आगरा में तेज रफ्तार पिकअप ने मचाया कोहराम, छीन ली चार जिंदगिया, मचा हड़कंप

आगरा में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। डाइनामाइट न्यूज़ पर पढ़ें पूरी खबर
Post Published By: Nidhi Kushwaha
Published:
आगरा में तेज रफ्तार पिकअप ने मचाया कोहराम, छीन ली चार जिंदगिया, मचा हड़कंप

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में आज सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह भीषण दुर्घटना थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में उस समय हुई, जब एक तेज रफ्तार मैक्स पिकअप वाहन, जो आमों से लदा हुआ था, वो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी और मातम का माहौल छा गया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह हादसा सुबह के समय हुआ, जब सड़क पर यातायात सामान्य था। पिकअप वाहन तेज गति से हाइवे पर जा रहा था, तभी अचानक चालक ने वाहन का संतुलन खो दिया। इसके बाद वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गया और हाइवे से उतरकर सर्विस रोड पर जा गिरा।

मॉर्निंग वॉक करने निकले थे तीनों लोग

वहीं उस समय सर्विस रोड के किनारे तीन लोग, जो सुबह की सैर के बाद आराम कर रहे थे, इस वाहन की चपेट में आ गए। पिकअप के नीचे दबने से तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता इतनी थी कि आसपास के लोग सहम गए।

पिकअप चालक की भी मौत

इस दुर्घटना में पिकअप वाहन के चालक की भी जान चली गई। वहीं, एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल की स्थिति नाजुक बताई जा रही है और डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

मंडी की ओर जा रहा था पिकअप

प्रारंभिक जांच के अनुसार, पिकअप वाहन आमों को लेकर स्थानीय मंडी की ओर जा रहा था। पुलिस का मानना है कि तेज रफ्तार और संभवतः चालक की लापरवाही इस हादसे का प्रमुख कारण हो सकती है। हालांकि, सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस गहन जांच कर रही है। फिलहाल, पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को इस घटना की जानकारी दे दी गई है।

हादसे के बाद सर्विस रोड और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घटनास्थल पर भीड़ जमा कर ली, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

Exit mobile version