
पुलिस की गिरफ्त में आये अभियुक्त
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जो आपको झकझोर कर रख देगा। बता दें कि जिला पुलिस ने एक ऐसे दंपति को गिरफ्तार किया है जो दिव्यांगों के लिये बनी स्कूटी के जरिये इलाके में जगह-जगह अवैध तरीके से गांजा बेचा करते थे।
पुलिस एक्शन मोड पर आई
जैसे ही पुलिस को इस बात की सूचना मिली व तुरंत एक्शन मोड में आ गई। बता दें कि इस दौरान पुलिस ने लाखों रुपये कीमत के माल सहित कुल 3 लोगों को गिरफ्तार करते हुए कार्रवाई की है। वहीं एक अभियुक्त की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस प्रयास कर रही है।
एसओजी व सर्विलांस पुलिस की मदद से पकड़े गए अभियुक्त
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता ने बताया कि थाना ऊंचाहार पुलिस ने एसओजी व सर्विलांस पुलिस की मदद से आज खुलासा करते हुए बताया कि मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने चैकिंग के दौरान पकड़ा है। इनके साथ एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है जो इन्हें गांजा सप्लाई किया करता था।
अभियुक्त से बरामद हुई ये चीजें
पुलिस द्वारा दिव्यांग बृजेश कुमार साहू पुत्र राम नरेश साहू व उसकी पत्नी गुड़िया निवासी ग्राम रामसाण्डा थाना ऊँचाहार और जालिम उर्फ कौशलेन्द्र सिंह पुत्र मान सिंह निवासी माधवपुर थाना गदागंज को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 4900 ग्राम अवैध गांजा, 1 अदद स्कूटी व 1 लाख 53 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
अभियुक्त ब्रजेश ने बताया पूरा मामला
पुलिस की गिरफ्त में आये अभियुक्त ब्रजेश ने बताया कि वह कमलेश यादव निवासी सबीसपुर थाना ऊंचाहार व जालिम से गांजा खरीदकर अपनी पत्नी के साथ उसे छोटी छोटी पुड़िया बनाकर उसकी दिव्यांग स्कूटी से घूम घूमकर बेचता था।
आज भी आया था गांजा बेचने
आज भी जालिम उसे गांजा बेचने और पुराना हिसाब करने आया था। लेकिन पुलिस को इसकी भनक लग गई और उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने इस मामले में अभियुक्तों के खिलाफ सम्बन्धित मामले के तहत मुकदमा पंजीकृत करते हुए आगे की कार्रवाई की है। गांजा सप्लाई केवल जनपद रायबरेली में नही बल्कि पूरे यूपी राज्य में हो रहा है, जिसकी खबरे आए दिन सोशल मीडिया पर आती रहती हैं।
Location : Raebareli
Published : 6 May 2025, 3:00 PM IST