हिंदी
मिशन शक्ति का भव्य आयोजन
Gorakhpur: गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के गणित एवं सांख्यिकी विभाग में भारत सरकार व उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति कार्यक्रम का प्रभावशाली आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “देवी अहिल्या – शक्ति का प्रतीक” रहा, जिसके माध्यम से नारी सशक्तिकरण, सामाजिक चेतना और ऐतिहासिक महिला विभूतियों के अतुलनीय योगदान को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं बच्चों को नारी शक्ति की ऐतिहासिक विरासत से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और जागरूक नागरिक के रूप में प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर विभाग की छात्राओं तथा सरस्वती बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा नाट्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और वेशभूषा के माध्यम से भारत की महान महिला शासकों एवं समाज सुधारकों का जीवंत चित्रण किया गया।
Gorakhpur News: नौका विहार में कुर्सी को लेकर बवाल, रेस्टोरेंट में रॉड-डंडे से जानलेवा हमला
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “देवी अहिल्या – एक महान शासक” विषय पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही। इसमें देवी अहिल्याबाई होलकर के न्यायप्रिय शासन, मंदिरों के जीर्णोद्धार, सामाजिक सुधारों और जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया गया। नाटक ने यह संदेश दिया कि संवेदनशील नेतृत्व और सुशासन से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
इसके बाद स्त्री शक्ति थीम सांग पर आधारित सामूहिक नृत्य ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं, बच्चों ने रानी अहिल्याबाई होलकर, रानी लक्ष्मीबाई, रानी अब्बका, दुर्गा भाभी, रानी पद्मिनी, रानी जीजाबाई और सावित्रीबाई फुले के रूप में वेश धारण कर उनके साहस, संघर्ष और योगदान को मंच पर सजीव कर दिया, जिसे दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ सराहा।
Gorakhpur News: बेलघाट में सनसनीखेज वारदात का खुलासा, हत्या के प्रयास में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रो. कीर्ति पाण्डेय ने मिशन शक्ति को नारी शक्ति का सशक्त प्रतीक बताते हुए कहा कि इतिहास साक्षी है—जब भी समाज संकट में पड़ा, नारी शक्ति ने मार्गदर्शन किया। उन्होंने छात्राओं से आत्मनिर्भर और सजग बनने का आह्वान किया।
नोडल अधिकारी प्रो. विनीता पाठक ने कहा कि मिशन शक्ति केवल अभियान नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने वाला आंदोलन है। विभागाध्यक्ष प्रो. उमा श्रीवास्तव के स्वागत भाषण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। संचालन डॉ. राजेश पाण्डेय और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. जितेन्द्र कुशवाहा ने किया।
कार्यक्रम में अनेक शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति रही। समापन पर सभी ने इसे नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी और सार्थक पहल बताया।
Location : Gorakhpur
Published : 18 December 2025, 5:04 AM IST
Topics : Gorakhpur Mission Shakti Seminar Woman Empowerment