
गांव में घुसा मगरमच्छ
Mainpuri: घिरोर इलाके में सोमवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब करीब दो बजे एक भारी-भरकम मगरमच्छ आबादी के बीच पहुंच गया और गली में बंधे गाय के बछड़े पर हमला कर दिया। नींद में सोए ग्रामीणों को अचानक शोर सुनाई दिया तो लोग घरों से बाहर निकल आए। अंधेरे में चमकती आंखें और सड़क पर रेंगता मगरमच्छ देख गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना जनपद मैनपुरी के घिरोर थाना क्षेत्र के ग्राम ढकरई की है। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे मगरमच्छ किसी नजदीकी जलाशय से निकलकर आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। गली में बंधे एक गाय के बछड़े पर उसने अचानक हमला कर दिया। बछड़े की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और बाहर निकल आए।
मैनपुरी में रामगोपाल यादव का हमला, ट्रेड डील और बजट पर केंद्र को घेरा; जानिये क्या कहा?
ग्रामवासी विमल कुमार यादव ने सबसे पहले मगरमच्छ को देखा। उन्होंने बिना देर किए डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद वन विभाग को भी अलर्ट किया गया।
जब तक वन विभाग की टीम पहुंचती, तब तक ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए मगरमच्छ की घेराबंदी कर ली। लोगों ने दूरी बनाकर उसे घेर लिया ताकि वह किसी और व्यक्ति या पशु पर हमला न कर सके। गांव में बच्चों और महिलाओं को घरों के अंदर सुरक्षित कर दिया गया।
मैनपुरी: कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने किया जनता से संवाद, अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के आदेश
कुछ ही देर में वन विभाग और रेस्क्यू दल मौके पर पहुंच गया। काफी मशक्कत और सावधानी के बाद मगरमच्छ को काबू में किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मगरमच्छ का वजन करीब डेढ़ कुंतल बताया जा रहा है।
वन विभाग ने ट्रैक्टर मंगवाकर मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से उसमें लादा और बाद में उसके प्राकृतिक आवास के अनुकूल स्थान पर छोड़ दिया। अधिकारियों ने बताया कि आबादी क्षेत्र में वन्यजीवों के आने की घटनाएं जल स्रोतों के पास बढ़ रही हैं। इसलिए सतर्कता जरूरी है।
Location : Mainpuri
Published : 17 February 2026, 2:01 PM IST
Topics : Crocodile Crocodile attack Manpuri Manpuri News