हिंदी
पानी के लिए तड़पा चमगादड़
Hamirpur: उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में इस समय भीषण गर्मी लोगों के लिए आफत बनी हुई है। सूरज की तपिश और गर्म हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि अब इस भीषण गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। हमीरपुर जिले से सामने आई एक तस्वीर ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। यहां भीषण गर्मी की वजह से एक चमगादड़ बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हमीरपुर जिले में इन दिनों तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को झुलसाने लगती है और दोपहर होते-होते हालात और भी खराब हो जाते हैं। ऊपर से चल रही गर्म हवाएं लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन रही हैं। ऐसे में इंसान किसी तरह खुद को गर्मी से बचाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए हालात बेहद मुश्किल हो गए हैं। गर्मी का असर अब पेड़ों पर रहने वाले पक्षियों और जानवरों पर भी देखने को मिल रहा है। पानी और छांव की कमी के चलते कई पक्षी कमजोर होकर जमीन पर गिर रहे हैं। ऐसा ही मामला हमीरपुर कचहरी परिसर में देखने को मिला, जहां पेड़ों पर उल्टा लटककर रहने वाला चमगादड़ अचानक जमीन पर आ गिरा।
हमीरपुर में पीएम आवास विवाद ने लिया हिंसक रूप, धान पर हमला कर दी गई धमकी
हमीरपुर कचहरी परिसर में मौजूद लोगों ने जब चमगादड़ को जमीन पर गिरा देखा तो वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआत में लोगों को समझ नहीं आया कि आखिर चमगादड़ जमीन पर क्यों गिरा है। जब पास जाकर देखा गया तो वह गर्मी और प्यास से बेहाल नजर आया। वहीं मौजूद कुछ वकील और कर्मचारी तुरंत उसकी मदद के लिए आगे आए। उन्होंने बोतल से चमगादड़ के आसपास पानी डाला ताकि उसे राहत मिल सके। प्यास से परेशान चमगादड़ जमीन पर फैले पानी को चाटने लगा। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गर्मी से बेहाल चमगादड़ जमीन पर पड़ा हुआ है और लोग उसकी मदद करने की कोशिश कर रहे हैं।
हमीरपुर में सड़क पर हुआ दर्दनाक हादसा: बाइक और कंटेनर की टक्कर, युवक की मौत
पानी मिलने के बाद चमगादड़ के शरीर में धीरे-धीरे हरकत बढ़ने लगी। कुछ देर तक आराम करने के बाद उसने अपने पंख फड़फड़ाने शुरू किए। वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली जब चमगादड़ दोबारा उड़कर आसमान की ओर चला गया।
बुंदेलखंड क्षेत्र में हर साल गर्मी का असर देखने को मिलता है, लेकिन इस बार तापमान ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। ऐसे में प्रशासन भी लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दे रहा है।
Location : Hamirpur
Published : 24 May 2026, 2:17 PM IST