चार साल की साजिया का क्या था कसूर? जो उठानी पड़ी उसकी लाश, अंदर तक दिल दहला देगा सुल्तानपुर का यह मामला

सुल्तानपुर के लम्भुआ थाना क्षेत्र के घरवासपुर गांव में खेत में लगी झटका मशीन की तार की चपेट में आने से 4 साल की साजिया की मौत हो गई। बच्ची खेलते-खेलते खेत पहुंच गई थी, जहां करंट लगने से उसकी जान चली गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 August 2026, 3:17 PM IST

Sultanpur News: सुल्तानपुर के लम्भुआ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। घरवासपुर गांव में खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई झटका मशीन की चपेट में आने से 4 साल की मासूम बच्ची साजिया की मौत हो गई। खेलते-खेलते खेत की ओर पहुंची बच्ची अचानक करंट की चपेट में आ गई और देखते ही देखते परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

खेलते-खेलते खेत पहुंची थी मासूम

जानकारी के मुताबिक, घरवासपुर गांव निवासी चार वर्षीय साजिया शनिवार को घर के आसपास खेल रही थी। इसी दौरान वह खेलते-खेलते खेत की तरफ पहुंच गई। खेत में फसल को जानवरों से बचाने के लिए झटका मशीन लगाई गई थी। इसी मशीन से जुड़े तार के संपर्क में आते ही बच्ची को जोरदार करंट लग गया। करंट लगने से साजिया गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार के लोग आनन-फानन में बच्ची को इलाज के लिए लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत से परिवार में मचा कोहराम

चार साल की मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्ची की मासूम आवाजें गूंज रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। मां अपनी बेटी को याद कर लगातार रोती रही। परिजनों का दर्द देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गई। गांव वालों के मुताबिक, साजिया परिवार की दुलारी थी। उसकी अचानक मौत से हर कोई स्तब्ध है। ग्रामीणों ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।

Location :  Sultanpur

Published :  8 August 2026, 3:17 PM IST