
रायबरेली पुलिस ने निःसंतान दंपत्ति को गिरफ्तार किया
Raebareli: रायबरेली के सीएचसी बेलाभेला में उस वक्त हड़कंप मच गया जब वैक्सीनेशन कराने आई एक मां की गोद से उसका तीन माह का बच्चा चोरी हो गया। अस्पताल परिसर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने हर किसी को हैरान कर दिया। मां अपने मासूम को लेकर रूटीन चेकअप और टीकाकरण के लिए अस्पताल पहुंची थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में उसकी दुनिया उजड़ गई। अब इस सनसनीखेज बच्चा चोरी कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मासूम को सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक घटना भदोखर थाना क्षेत्र के सीएचसी बेलाभेला की है। यहां एक महिला ने पहले बच्चे की मां से बातचीत शुरू की और उसे बातों में उलझा लिया। इसी दौरान दूसरी महिला चुपचाप बच्चे को गोद में उठाकर वहां से निकल गई। कुछ देर बाद बातों में उलझाने वाली महिला भी मौके से गायब हो गई। जब मां को अपने बच्चे के गायब होने का एहसास हुआ तो अस्पताल में चीख-पुकार मच गई।
CCTV फुटेज से खुला पूरा राज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस टीम ने अस्पताल और आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान एक बाइक पर दो महिलाएं और एक पुरुष बच्चे को लेकर जाते दिखाई दिए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने आगे की जांच तेज कर दी।
लगातार सीसीटीवी ट्रैकिंग और लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपी राहुल त्रिवेदी, उसकी पत्नी वर्षा त्रिवेदी और बहन नमिता तक पहुंच गई। तीनों को मिल एरिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
12 साल से नहीं थी संतान
पूछताछ में आरोपी राहुल त्रिवेदी ने बताया कि वह पेशे से किसान है और करीब 12 साल पहले उसकी शादी हुई थी। इतने वर्षों बाद भी उसकी कोई संतान नहीं थी, जिससे वह और उसकी पत्नी काफी परेशान रहते थे। इसी वजह से उन्होंने बच्चा चोरी की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले अस्पताल की रेकी की और फिर मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस की सतर्कता और तेजी के कारण कुछ ही घंटों में पूरा मामला खुल गया।
तीनों आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। वहीं बच्चे के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की गई और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया। फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Location : Raebareli
Published : 9 May 2026, 7:14 PM IST