
20 IAS अधिकारियों के तबादले (Img : pinterest)
Lucknow : उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। शासन ने 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई अफसरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस तबादला सूची में मुख्य विकास अधिकारी, अपर आयुक्त, विशेष सचिव, प्रबंध निदेशक और नगर आयुक्त स्तर के अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
इस फेरबदल में सूचना निदेशक आईएएस विशाल सिंह को विशेष सचिव संस्कृति विभाग और निदेशक संस्कृति के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। अब विशाल सिंह पूरी तरह सूचना विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
सुधा वर्मा को सचिव राजस्व विभाग से हटाकर श्रमायुक्त उत्तर प्रदेश बनाया गया है। सारिका मोहन को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा और सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग से हटाकर महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है। वहीं नेहा शर्मा को महानिरीक्षक निबंधन से हटाकर महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा और सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
बरेली में मौत का सफर: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पलटी स्लीपर बस, 50 घायल, 25 की हालत नाजुक
अरुण कुमार को अपर निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म से हटाकर मिशन निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बनाया गया है। जे. रीभा को अपने वर्तमान पद के साथ अपर निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। दीपा रंजन को मिशन निदेशक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से हटाकर विशेष सचिव संस्कृति विभाग बनाया गया है।
संजय कुमार सिंह-1 को विशेष सचिव संस्कृति विभाग के प्रभार से मुक्त करते हुए निदेशक धर्मार्थ कार्य के साथ निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। विशाल सिंह को विशेष सचिव संस्कृति विभाग और निदेशक संस्कृति के प्रभार से अवमुक्त किया गया है।
रिया केजरीवाल को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर विशेष सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग बनाया गया है। संदीप भागिया को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। परीक्षित खटाना को आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी पद से हटाकर अपर आयुक्त राज्य कर गौतमबुद्ध नगर बनाया गया है।
राकेश कुमार पटेल को अपर आयुक्त लखनऊ मंडल से हटाकर आजमगढ़ का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। ओजस्वी राज को बलिया के मुख्य विकास अधिकारी पद से हटाकर मथुरा-वृंदावन नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है।
आलोक कुमार को अपर जिलाधिकारी गोण्डा से हटाकर बलिया का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। अजय कुमार गौतम को इटावा के मुख्य विकास अधिकारी पद से हटाकर अपर आयुक्त राज्य कर गाजियाबाद प्रथम बनाया गया है। संजय कुमार सिंह को अपर जिलाधिकारी प्रशासन मुजफ्फरनगर से हटाकर इटावा का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।
रेणु तिवारी को विशेष सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के पद से अवमुक्त किया गया है। जग प्रवेश को मथुरा-वृंदावन नगर निगम के नगर आयुक्त पद से हटाकर विशेष सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बनाया गया है।
मनिकन्दन ए. को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश बनाया गया है। वहीं वंदना वर्मा को अपने वर्तमान प्रभार के साथ उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
Location : Lucknow
Published : 10 July 2026, 2:09 AM IST