मां की डांट से नाराज थी छात्रा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 13 वर्षीय बच्ची की मौत

ग्रेटर नोएडा की महागुन मायवुड्स सोसायटी में 13 वर्षीय छात्रा की 21वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मोबाइल फोन और मां की डांट को लेकर चर्चा के बीच पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है...

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 24 October 2026, 12:17 PM IST
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा की एक हाईराइज सोसायटी में 13 साल की छात्रा की मौत से हड़कंप मच गया। महागुन मायवुड्स सोसायटी में रहने वाली कक्षा आठ की छात्रा का शव नीचे मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। शुरुआती चर्चा में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर मां की डांट से नाराज होने की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस ने अभी इसे घटना की वजह नहीं माना है। आखिर तड़के घर से निकली छात्रा 21वीं मंजिल तक कैसे पहुंची और उसके साथ क्या हुआ, पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है।

सुबह घर से गायब मिली छात्रा, तलाश के बीच मिली मौत की खबर

मामला बिसरख कोतवाली क्षेत्र के गौड़ सिटी-2, सेक्टर-16सी स्थित महागुन मायवुड्स सोसायटी का है। मूल रूप से फर्रुखाबाद के रहने वाले प्रदीप सिसोदिया नोएडा के सेक्टर-63 की एक आईटी कंपनी में काम करते हैं। वह अपने परिवार के साथ सोसायटी की चौथी मंजिल पर रहते हैं। उनकी 13 वर्षीय बेटी प्रियांशी मंथन स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे परिवार को बेटी के नीचे गिरने की सूचना मिली। इससे पहले परिजनों को पता चला था कि प्रियांशी घर में मौजूद नहीं है। उसकी तलाश शुरू की गई और सोसायटी के दूसरे लोगों से भी पूछताछ की गई। इसी दौरान उसके 21वीं मंजिल से नीचे गिरने की जानकारी सामने आई। बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत अवस्था में भर्ती कराया गया।

तड़के 3:15 बजे लिफ्ट से 21वीं मंजिल पर पहुंची

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, गुरुवार तड़के करीब 3:15 बजे प्रियांशी बिना किसी को बताए घर से निकली थी। इसके बाद वह लिफ्ट से सोसायटी की 21वीं मंजिल पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, वह वहां की लॉबी से नीचे गिरी। इस घटना में उसकी मौत हो गई। प्रियांशी अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। उसकी मां गृहिणी हैं। बेटी की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है और परिजन फिलहाल कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं।

मोबाइल की लत और डांट की चर्चा, पुलिस ने नहीं मानी वजह

घटना के बाद यह चर्चा सामने आई कि प्रियांशी को मोबाइल फोन चलाने की आदत थी और गुरुवार को मां ने किसी बात को लेकर उसे डांटा था। हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि अभी मोबाइल के इस्तेमाल या मां की डांट को घटना का कारण नहीं माना गया है। मामले की जांच जारी है। थाना प्रभारी रंजीत सिंह के मुताबिक, पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत या तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  Greater Noida

Published :  24 October 2026, 12:17 PM IST