
बुलंदशहर में नगर पालिका चैयरमेन की सांसद की धमकी
Bulandshahr: बुलंदशहर के सिकंदराबाद में टीएमसी सांसद सायोनी घोष को लेकर विवाद गहरा गया है। हिंदू संगठनों के विरोध प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका चेयरमैन डॉ. प्रदीप दीक्षित ने मंच से विवादित बयान देते हुए टीएमसी सांसद सायोनी घोष का सिर काटकर लाने वाले को एक करोड़ रुपये देने की बात कही। बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सासंद सायोनी घोष को लेकर शुरू हुआ विवाद अब उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर तक पहुंच गया है। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि सायोनी घोष ने सोशल मीडिया पर भगवान शिव और शिवलिंग को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी, जिससे हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुईं।
इसी मुद्दे को लेकर सिकंदराबाद में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गर्म दिखाई दिया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान सिकंदराबाद नगर पालिका चेयरमैन डा. प्रदीप दीक्षित ने मंच से विवादित बयान दे दिया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सायोनी घोष का सिर काटकर लाएगा, उसे उनकी ओर से एक करोड़ रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
इस बयान का वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। बयान सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल बढ़ गई है।
चेयरमैन के बयान पर विपक्षी दलों और स्थानीय लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कई राजनीतिक नेताओं ने एक जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की टिप्पणी को बेहद आपत्तिजनक बताया है।
सोशल मीडिया पर भी बयान को लेकर बहस तेज हो गई है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है, लेकिन बयान को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है।
Location : Bulandshahar
Published : 18 May 2026, 12:32 PM IST