
पकड़ा गया नकली घी
मुजफ्फरनगर: रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य प्रशासन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में खाद्य विभाग की टीम ने एक मिल्क सेंटर पर पहुंचकर जांच की और दूध समेत अन्य खाद्य पदार्थों के 10 सैंपल लिए।
खाद्य प्रशासन विभाग की टीम ने बुढ़ाना स्थित अकबर क्लिनिक मिल्क सेंटर पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने प्रतिष्ठान से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। अधिकारियों के अनुसार, सभी सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन जैसे त्योहारों के दौरान दूध, मावा और अन्य डेयरी उत्पादों की मांग काफी बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जांच के दौरान प्रतिष्ठान से एसएमपी और दो केमिकल भी मिले हैं। विभाग ने सभी सामग्री और सैंपलों की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान लगातार निगरानी रखी जा रही है। जहां भी संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थ पाए जाएंगे, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 25 August 2026, 12:45 PM IST
Topics : Budhana News Food Department Action Milk Adulteration muzaffarnagar news Raksha Bandhan News