
कानपुर में बड़ा हादसा
Kanpur: महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के आंगन में अचानक जमीन धंस गई और 18 वर्षीय युवती उसमें समा गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस मौके पर मौजूद है और युवती को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पुरवामीर गांव निवासी विनोद सविता की 18 वर्षीय बेटी यशी सुबह करीब सात बजे रक्षाबंधन की तैयारियों में जुटी थी। पिता के अनुसार, यशी नहाने के बाद बाथरूम से बाहर निकली थी और कजलिया तालाब में प्रवाहित करने के लिए सामग्री लेकर जा रही थी।
इसी दौरान बाथरूम से बाहर निकलते ही घर के आंगन में अचानक जमीन धंस गई। देखते ही देखते वहां बड़ा गड्ढा बन गया और यशी उसी में गिर गई।
Kanpur Plane Crash: गंगा बैराज के पास ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, दोनों पायलट की मौत
यशी के पिता विनोद के मुताबिक, करीब तीन वर्ष पहले घर के अंदर बोरिंग कराने का प्रयास किया गया था। बोरिंग सफल नहीं होने के बाद घर के बाहर दूसरी जगह बोरिंग कराई गई थी। उनका कहना है कि अचानक जमीन धंसने की वजह से यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई है। युवती को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। फिलहाल सभी की नजर रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी है और युवती को जल्द सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
Location : Kanpur
Published : 28 August 2026, 9:59 AM IST