भागने की आखिरी कोशिश और अचानक हुआ धमाका! देवरिया एनकाउंटर के वो खौफनाक पल, जानिए क्या था पूरा मामला?

देवरिया में चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने के बाद कथित फायरिंग हुई और जवाबी कार्रवाई में एक शातिर आरोपी के पैर में गोली लग गई।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 28 August 2026, 10:35 AM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और दो संदिग्ध युवकों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में एक शातिर आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से अवैध पिस्टल, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस को देखकर भागने लगे बाइक सवार

पुलिस के अनुसार, बेलड़ाड मोड़ के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों युवक रुकने के बजाय तेज रफ्तार से बरहज मार्ग की ओर भागने लगे।

पुलिस टीम ने दोनों का पीछा किया। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई और दोनों युवक गिर पड़े। इसके बाद उन्होंने मौके से पैदल भागने का प्रयास किया।

Deoria: सड़क निरीक्षण के बीच बच्चे पर पड़ी DM की नजर, अचानक रुकवाया काफिला; फिर मेडिकल कॉलेज में हुआ इंतजाम

पुलिस पर फायरिंग का आरोप

पुलिस का कहना है कि भागने के दौरान एक आरोपी ने अवैध पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपी की पहचान मनीष जायसवाल पुत्र मन्नू, निवासी देवरिया खास, थाना कोतवाली, देवरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

Deoria: कागजों में खुल रहे थे आंगनबाड़ी केंद्र, मौके पर लटके मिले ताले! जांच के बाद मचा हड़कंप

आरोपी पर 12 से ज्यादा मुकदमे दर्ज

पुलिस के मुताबिक, घायल मनीष जायसवाल के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और मुठभेड़ से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है।

वहीं, उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

पिस्टल और कारतूस बरामद

पुलिस ने मौके से एक सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल, एक अवैध पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस के अनुसार घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है।

Location :  Deoria

Published :  28 August 2026, 10:35 AM IST

Advertisement