
पूजा के दौरान गोलीबारी(Img: Pinterest)
Azamgarh: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा के दौरान विवाद के बाद गोलीबारी की घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अरविंद सिंह के घर में पूजा चल रही थी। इसी दौरान बाजार से घर लौटे अरविंद का पंडितों से आधार कार्ड मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बहस बढ़ने के बाद उसने पिस्टल से फायरिंग कर दी।
घटना में अरविंद की पत्नी बबीता के अलावा दो पंडितों की गोली लगने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान पटखौली गांव निवासी महेंद्र पाठक और छितौना भटौली गांव निवासी अखिलेश मिश्रा के रूप में बताई जा रही है। घटना के वक्त घर में चार पंडित, बबीता, एक बेटा और एक बेटी मौजूद थे।
आजमगढ़ के मदरसे में नेपाली शिक्षक की नियुक्ति पर विवाद, जांच रिपोर्ट पहुंची शासन के पास
प्रारंभिक जानकारी में घर में रखी पिस्टल के अलावा राइफल से भी गोली चलने की बात सामने आई है। फायरिंग होते ही पूजा में शामिल अन्य पंडित मौके से निकल गए। गोलियों की आवाज के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हथियार और फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस घटना के कारणों और गोलीबारी की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
पुलिस की जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौतों के कारण और घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। फिलहाल गोलीबारी को लेकर सामने आई जानकारी प्रारंभिक है और पुलिस की आधिकारिक जांच जारी है।
Location : Azamgarh
Published : 22 September 2026, 9:25 PM IST