दो बच्चों की मां की संदिग्ध मौत: 6 साल से लिव-इन में रह रही थी महिला, कमरे में इस हालत में मिला शव

आगरा की एक कॉलोनी में महिला की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। छह साल से चल रहे रिश्ते, परिवार से जुड़ी परिस्थितियां और कमरे में मिला शव... आखिर इस घटना के पीछे क्या वजह है?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 November 2026, 2:39 PM IST
Agra News: प्यार के लिए पहले पति से रिश्ता तोड़ा, दो बच्चों को पीछे छोड़कर दूसरे युवक के साथ नई जिंदगी शुरू की, लेकिन अब उसी महिला की जिंदगी का दर्दनाक अंत हो गया। आगरा में एक महिला का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला पिछले करीब छह साल से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस इसे लेकर अभी किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंची है। महिला की मौत के पीछे की असली वजह जानने के लिए उसके लिव-इन पार्टनर से पूछताछ की जा रही है।

कमरे में पंखे के हुक से लटका मिला शव

मामला आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कॉलोनी में एक महिला का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां कमरे के अंदर महिला का शव पंखे के हुक से साड़ी के सहारे बनाए गए फंदे पर लटका मिला।

Symbolic Photo (Img: Pinterest)

पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया और पंचनामे की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के इलाके में भी चर्चा शुरू हो गई।

छह साल से युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी महिला

जानकारी के मुताबिक, मृतका पहले से शादीशुदा थी और उसके पहले पति से दो बच्चे हैं। दोनों बच्चों की उम्र करीब 15 से 16 वर्ष बताई जा रही है। महिला पिछले लगभग छह साल से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उसने पहले पति से अपना रिश्ता खत्म कर लिया था और युवक के साथ रह रही थी।

हालांकि, महिला ने यह कदम क्यों उठाया और उसकी निजी जिंदगी में किन परिस्थितियों से गुजर रही थी, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

लिव-इन पार्टनर से पूछताछ, परिवार से संपर्क की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। महिला के लिव-इन पार्टनर से पूछताछ की जा रही है।

इसके अलावा पुलिस महिला के बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों से भी संपर्क करने का प्रयास कर रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों और महिला की मानसिक एवं पारिवारिक स्थिति के बारे में जानकारी मिल सके। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Agra

Published :  19 November 2026, 2:39 PM IST