
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: आज के समय में घर का लगभग हर डिवाइस इंटरनेट से जुड़ा हुआ है। स्मार्टफोन, स्मार्ट टीवी, सिक्योरिटी कैमरा और स्मार्ट होम गैजेट्स लगातार वाईफाई का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में अगर इंटरनेट की स्पीड थोड़ी भी धीमी हो जाए तो ऑफिस का काम, ऑनलाइन क्लास, वीडियो स्ट्रीमिंग और गेमिंग तक प्रभावित हो जाती है। कई लोग तेज इंटरनेट के लिए महंगे ब्रॉडबैंड प्लान लेते हैं, लेकिन हर बार समस्या इंटरनेट प्लान में नहीं होती। कई बार वाईफाई राउटर के आसपास रखी चीजें ही इंटरनेट स्पीड को कमजोर कर देती हैं।
वाईफाई राउटर आमतौर पर 2.4 GHz फ्रीक्वैंसी पर काम करता है. घर में मौजूद कई दूसरे स्मार्ट डिवाइस भी इसी फ्रीक्वैंसी का इस्तेमाल करते हैं। जब एक ही फ्रीक्वैंसी पर कई डिवाइस एक्टिव रहते हैं तो सिग्नल में इंटरफेरेंस बढ़ जाता है। इसका सीधा असर इंटरनेट स्पीड पर पड़ता है।
अगर राउटर के पास सिक्योरिटी कैमरा लगा हुआ है तो वह सिग्नल को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा स्मार्ट टीवी भी वाईफाई सिग्नल को कमजोर करने का कारण बन सकता है। खासतौर पर तब, जब टीवी ब्लूटूथ के जरिए साउंडबार या स्पीकर से कनेक्ट हो। ऐसे में वायरलेस सिग्नल आपस में टकराने लगते हैं और इंटरनेट की स्पीड कम महसूस होती है।
स्मार्ट होम हब जैसे डिवाइस भी नेटवर्क पर असर डाल सकते हैं। घर में लगातार एक्टिव रहने वाले स्मार्ट डिवाइस वाईफाई सिग्नल पर दबाव बढ़ाते हैं, जिससे नेटवर्क की परफॉर्मेंस प्रभावित होती है।
पुराने और बेसिक वाईफाई राउटर ज्यादातर 2.4 GHz बैंड का इस्तेमाल करते हैं। यही वजह है कि इनमें इंटरफेरेंस की समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। मॉडर्न राउटर अब 5 GHz और 6 GHz बैंड सपोर्ट के साथ आते हैं। इन बैंड्स में नेटवर्क ट्रैफिक कम होने के कारण बेहतर स्पीड और ज्यादा स्थिर इंटरनेट मिलता है।
अगर घर में नया राउटर मौजूद है तो कुछ डिवाइस को 5 GHz या 6 GHz बैंड पर कनेक्ट करना बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे इंटरनेट स्पीड में सुधार देखने को मिल सकता है।
अगर आप नया राउटर खरीदना नहीं चाहते तो भी कुछ आसान तरीकों से इंटरनेट की परफॉर्मेंस बेहतर की जा सकती है। सबसे पहले राउटर को दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से दूर रखें। दूरी बढ़ने से सिग्नल में आने वाली बाधाएं कम हो जाती हैं।
सिक्योरिटी कैमरा को वायर कनेक्शन से जोड़ना भी एक अच्छा उपाय हो सकता है। इसी तरह स्मार्ट टीवी को ईथरनेट केबल के जरिए इंटरनेट से कनेक्ट करने पर वायरलेस इंटरफेरेंस कम होता है और इंटरनेट ज्यादा स्थिर चलता है।
Tech News: सितंबर 2026 में आ सकता है Apple का अल्ट्रा-स्लिम iPhone, मिलेंगे दमदार अपग्रेड्स
वाईफाई राउटर को हमेशा घर की सेंटर लोकेशन पर रखना चाहिए ताकि सिग्नल सभी कमरों तक बराबर पहुंच सके। राउटर को फर्नीचर, दीवारों और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से दूर रखना बेहतर माना जाता है।
इसके अलावा राउटर को थोड़ी ऊंचाई पर रखने से भी सिग्नल कवरेज बेहतर होती है। अगर राउटर के आसपास ब्लूटूथ डिवाइस कम होंगे तो इंटरनेट स्पीड ज्यादा स्थिर और तेज बनी रहेगी।
Location : New Delhi
Published : 27 May 2026, 9:06 AM IST