Samsung की नई तैयारी: AirPods Max को टक्कर देने आ रहा Galaxy H1 हेडफोन, देखें क्या होगा खास?

सैमसंग प्रीमियम वायरलेस ओवर-ईयर हेडफोन मार्केट में एंट्री करने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी Galaxy H1 नाम के हेडफोन पर काम कर रही है, जो Apple AirPods Max को टक्कर दे सकता है। इसमें Adaptive Noise Cancellation, Galaxy AI फीचर्स और Galaxy Ecosystem इंटीग्रेशन जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 August 2026, 5:21 PM IST

New Delhi: सैमसंग अब प्रीमियम ओवर-ईयर हेडफोन मार्केट में कदम रखने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी Apple के लोकप्रिय AirPods Max को टक्कर देने के लिए अपने पहले Galaxy-ब्रांडेड वायरलेस ओवर-ईयर हेडफोन पर काम कर रही है। इस नए डिवाइस का इंटरनल कोडनेम ‘Galaxy H1’ बताया जा रहा है। हालांकि, सैमसंग ने अभी तक इस प्रोडक्ट या इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

Galaxy Wearable ऐप में मिले संकेत

रिपोर्ट के अनुसार, लेटेस्ट Galaxy Wearable ऐप के कोड में एक फुल-साइज वायरलेस हेडफोन से जुड़े संकेत मिले हैं। ऐप में मौजूद कुछ ग्राफिक्स और कनेक्शन एसेट्स से पता चलता है कि यह डिवाइस सैमसंग के मौजूदा वियरेबल इकोसिस्टम का हिस्सा हो सकता है। अगर Galaxy H1 लॉन्च होता है, तो यह सैमसंग के ऑडियो पोर्टफोलियो के लिए बड़ा विस्तार होगा। फिलहाल कंपनी Galaxy Buds जैसे ट्रू वायरलेस ईयरबड्स बेचती है।

मिल सकते हैं प्रीमियम फीचर्स

Galaxy H1 में प्रीमियम हेडफोन सेगमेंट के कई फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसमें Adaptive Noise Cancellation यानी ANC, Ambient या Transparency Mode, Bluetooth 6.0 और Multipoint Connectivity जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा सैमसंग अपने SSC UHQ हाई-बिटरेट ऑडियो कोडेक और Galaxy AI से जुड़े फीचर्स भी इसमें शामिल कर सकता है। हालांकि, इन फीचर्स की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हेडफोन की असली पहचान उसकी साउंड क्वालिटी होती है। ऐसे में ड्राइवर डिजाइन और ऑडियो ट्यूनिंग पर सैमसंग कितना काम करता है, यह लॉन्च के बाद ही साफ हो पाएगा।

Galaxy Ecosystem से मिलेगा फायदा

Galaxy H1 की सबसे बड़ी खासियत इसका Galaxy Ecosystem के साथ बेहतर तालमेल हो सकता है। इसमें Auto Switch जैसे फीचर का सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। इसकी मदद से यूजर हेडफोन को Galaxy स्मार्टफोन, टैबलेट, Galaxy Book और स्मार्टवॉच जैसे डिवाइस के बीच आसानी से स्विच कर सकेंगे। यह फीचर Galaxy यूजर्स के लिए इसे ज्यादा आकर्षक बना सकता है।

2027 की शुरुआत में हो सकता है लॉन्च

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैमसंग Galaxy H1 को साल 2027 की शुरुआत में लॉन्च कर सकता है। इसे कंपनी अपने अन्य Galaxy प्रोडक्ट्स के साथ पेश कर सकती है। हालांकि, Galaxy H1 नाम पहले भी चर्चा में रह चुका है। सैमसंग के Galaxy H1, Galaxy H3 और Galaxy H5 जैसे ट्रेडमार्क सामने आ चुके हैं, लेकिन अब तक कोई डिवाइस बाजार में नहीं आया है। फिलहाल Galaxy H1 को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही इसके फीचर्स, कीमत और लॉन्च डेट को लेकर तस्वीर साफ हो पाएगी।

Location :  New Delhi

Published :  16 August 2026, 5:21 PM IST