
iphone 18 (image: social media)
Noida News: Apple iPhone 18 Pro सीरीज की आधिकारिक बिक्री शुरू होते ही नोएडा के DLF मॉल स्थित Apple Store के बाहर लोगों की लंबी लाइन लग गई। स्टोर खुलने का समय सुबह 8 बजे था, लेकिन उससे काफी पहले ही ग्राहक पहुंच चुके थे। कई लोग नए iPhone को सबसे पहले खरीदने और उसका अनुभव लेने के लिए सुबह से इंतजार करते नजर आए। ग्राहकों के अनुभव जानने पहुंची मीडिया टीम ने जब लोगों से बातचीत की तो नए iPhone को लेकर उनकी अलग-अलग कहानियां सामने आईं। दिल्ली से आए एक व्यक्ति ने बताया कि वह अपनी पत्नी के लिए iPhone 18 Pro खरीदने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी उनसे काफी समय से नया iPhone गिफ्ट करने के लिए कह रही थीं।
इस ग्राहक ने बताया कि उनकी पत्नी पहले iPhone इस्तेमाल नहीं करती हैं और वह उन्हें Apple का नया अनुभव देना चाहते हैं। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने iPhone खरीदने के लिए आज का दिन क्यों चुना, तो उन्होंने कहा, "आज पैसा है, पहले नहीं था, आगे होगा या नहीं होगा, बस आज मैं जी रहा हूं।" उन्होंने यह भी बताया कि iPhone 18 Pro खरीदने के लिए उन्होंने सोना बेचने का फैसला किया। उनका कहना था कि पत्नी के लिए यह खास गिफ्ट देना चाहते थे और इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया।
नोएडा Apple Store पर सिर्फ दिल्ली-एनसीआर के लोग ही नहीं पहुंचे थे, बल्कि पंजाब से भी ग्राहक आए। गुरदिता सिंह अपने दोस्त के साथ नया iPhone खरीदने पहुंचे थे। उनके दोस्त ने बताया कि गुरदिता की जल्द शादी होने वाली है और वह अपनी होने वाली पत्नी को iPhone 18 Pro गिफ्ट करना चाहते हैं। इसके लिए दोनों सुबह करीब 6 बजे से स्टोर के बाहर इंतजार कर रहे थे। गुरदिता ने अपने लिए भी iPhone 18 Pro Max खरीदा, जिस पर उन्होंने करीब 3.5 लाख रुपये खर्च किए। दो फोन खरीदने के बाद वह वापस पंजाब लौट जाएंगे। iPhone 18 Pro सीरीज की लॉन्चिंग के बाद Apple के नए डिवाइस को लेकर लोगों का उत्साह एक बार फिर देखने को मिला है। नोएडा Apple Store के बाहर लगी लंबी कतारें और ग्राहकों की कहानियां दिखाती हैं कि भारत में प्रीमियम स्मार्टफोन को लेकर लोगों की दीवानगी लगातार बढ़ रही है।
Location : noida
Published : 18 September 2026, 2:22 PM IST