
लखनऊ: उन्नाव रेप मामले में सुप्रीम कोर्ट से कड़ी फजीहत झेल चुकी यूपी पुलिस की साख एक बार फिर दांव पर है।
शाहजहांपुर के विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई करने वाली एक लड़की बीते शनिवार को गायब हो गई थी। अब उसे राजस्थान से बरामद कर लिया गया है। जब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लिया तो उसके बाद यूपी पुलिस हरकत में आई।
उत्तर प्रदेश पुलिस की एक टीम को राजस्थान में उसके होने का पता चला जिसके बाद उसे आज सुबह बरामद किया गया। लड़की की बरामदगी के बाद यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने बताया है कि लड़की पूरी तरह सुरक्षित है।
बता दें कि आज ही इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होने वाली थी। लड़की ने कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर स्वामी चिन्मयानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। जिसके बाद से वो गायब हो गई थी। ऐसे में अब सवाल ये उठता है कि पुलिस को इतने समय बाद ये लड़की कैसे मिली और इतने दिनों से पुलिस क्या रही थी। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि यूपी पुलिस के काम पर सवाल उठाया जा रहा है।
शाहजहाँपुर प्रकरण में यूपी पुलिस ने लड़की को उसके एक मित्र के साथ राजस्थान से बरामद किया |पुलिस के द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है
— UP POLICE (@Uppolice) August 30, 2019
इससे पहले भी उन्नाव रेप कांड मामले में जलालत झेल चुकी यूपी पुलिस हरकत में तब आयी जब देश की सबसे बड़ी अदालत ने इस मामले में दखल दिया। कुछ महिला वकीलों के एक समूह ने सुप्रीम कोर्ट से स्वत: संज्ञान लेने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वाली छात्रा तीन दिनों से गायब है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने मामले में संज्ञान लिया। जस्टिस आर भानुमति की पीठ में यह मामला सुना जाना है।
Published : 30 August 2019, 2:00 PM IST
Topics : bjp Missing UP shahjahanour swami chinmayanand uttar pradesh उत्तर प्रदेश भाजपा शाहजहांपुर स्वामी चिन्मयानंद