
नई दिल्ली: देश में इन दिनों अलग-अलग इलाकों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं बारिश, कहीं घना कोहरा, कहीं बर्फबारी तो कहीं पर मौसम गर्म महसूस हो रहा है। दिल्ली, यूपी और बिहार जैसे राज्यों में तेज धूप निकलने के कारण दिन का तापमान बढ़ता जा रहा है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार इसके साथ ही ठंड का प्रभाव भी कम होता जा रहा। लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम जल्द ही बदल सकता है। आज सोमवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी और मैदानी इलाकों में एंटर करने वाला है। जिसके असर से कई राज्यों में बारिश देखने को मिलेगी।
उत्तर प्रदेश में लगातार तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। झांसी में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अयोध्या में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री रहा। IMD के मुताबिक राज्य में सोमवार (17 फरवरी) को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह और रात के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने 20 फरवरी को पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में 18 फरवरी को हल्के बादल छाए रह सकते हैं और सुबह हल्का कोहरा भी रह सकता है। 19 और 20 फरवरी को दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है जिसकी वजह से मौसम में ठंडक बढ़ सकती है। साथ ही 20-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों में भी इस हफ्ते बारिश और बर्फबारी की संभावना जतायी है।
आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 17 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके चलते 18 फरवरी की रात से 20 फरवरी तक उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां तेज होंगी।
अरुणाचल प्रदेश में 17 से 22 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 से 20 फरवरी के बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 और 20 फरवरी को गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं राजस्थान में 17 से 19 फरवरी के बीच हल्की बारिश हो सकती है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 19 से 22 फरवरी के बीच हल्की बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
Published : 17 February 2025, 10:07 AM IST
Topics : IMD Mausam in up Rain Uttar Pradseh Weather Weather of Delhi UP Weather of UP Weather Update