
नई दिल्ली: उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँच गया है। इस गर्मी का मुख्य कारण जलवायु परिवर्तन, वैश्विक तापमान वृद्धि और इस समय पश्चिमी विक्षोभ की कमी बताई जा रही है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक लू का प्रभाव जारी रहने की चेतावनी दी है। सोमवार को दिल्ली में यलो अलर्ट जारी किया गया, जहां नागरिक तेज धूप से बेहाल नजर आए। इस सीजन में पहली बार दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार हुआ है।
उत्तर प्रदेश की बात करें तो झांसी और हमीरपुर तापमान के मामले में सबसे ऊपर रहे, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर, वाराणसी, आगरा, और अलीगढ़ जैसे शहरों में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। इसके अलावा लखनऊ में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा। विभिन्न जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है और मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार और बुधवार के लिए कई जिलों में लू चलने की आशंका जताई है।
हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। धर्मशाला, भुंतर और सुंदरनगर में लू का असर देखने को मिला। धर्मशाला में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया।
Published : 8 April 2025, 7:46 AM IST
Topics : Dynamite News Haryana weather Heat wave heat wave in delhi IMD Alert Latest News temperature in up Weather Update Yellow Alert