
देहरादून: उत्तराखंड में बीते चार दिनों से लगातार बारिश, तूफान और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण पूरे प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और ठंडी हवाओं के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार, यह मौसम किसानों के लिए नुकसानदेह साबित हुआ है, क्योंकि ओलावृष्टि ने फसलों और बागवानी को भारी क्षति पहुंचाई है। कई किसान अब प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
सोमवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद
वहीं बागेश्वर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से 27 बकरियों की मौत हो गई। यह घटना ग्रामीण क्षेत्र में हुई, जिससे स्थानीय लोग काफी आहत हैं। दूसरी तरफ, लगातार खराब मौसम के बाद शनिवार से मौसम शुष्क होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार को प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
आज सामान्य रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि आज प्रदेश के सभी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। देहरादून में आसमान साफ रहने की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि 17 अप्रैल से कुछ जिलों में दोबारा बारिश और मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है।
बीते दिन कैसा रहा तापमान
इसके अलावा, बीते दिन रविवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों में तापमान अलग-अलग रहा। देहरादून में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री और न्यूनतम 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री तो न्यूनतम 16.1 डिग्री रहा। मुक्तेश्वर में 20.2 डिग्री और नई टिहरी में 22.4 डिग्री अधिकतम और 4.8 व 8.1 डिग्री न्यूनतम रिकॉर्ड किया गया। वहीं, देहरादून का एयर क्वालिटी इंडेक्स 96 रहा जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।
केदारनाथ धाम के मार्ग से हटाई जा रही बर्फ
चारधाम यात्रा की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं। केदारनाथ धाम के रास्ते से बर्फ हटाकर मार्ग को साफ किया जा रहा है। हालांकि हालिया खराब मौसम की वजह से कुछ समय के लिए काम रुका था, लेकिन अब फिर से तेजी से कार्य शुरू हो चुका है।
Published : 14 April 2025, 9:08 AM IST
Topics : Dynamite News Uttarakhand News Uttarakhand rain Uttarakhand weather uttarakhand weather alert weather Weather News