Weather Forecast: उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनजीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में ठंड और बारिश का अलर्ट जारी किया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 7 January 2025, 8:28 AM IST

नई दिल्ली: उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनजीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में शीतलहर और कोहरे ने लोगों को परेशान कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में ठंड और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में गिरता तापमान और कोहरा

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 19 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। 10 जनवरी तक तापमान में गिरावट हो सकती है, और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। 11 और 12 जनवरी को हल्की बारिश के साथ तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का कहर

पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे और शीतलहर के चलते जनजीवन बाधित हो गया है। यातायात व्यवस्था पर भी इसका असर पड़ा है। पंजाब के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहीं हरियाणा में विजिबिलिटी कम होने से सुबह और रात के समय सड़क हादसों की संभावना बढ़ गई है।

मैदानी इलाकों में ठंड

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के बीच पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। हालांकि, हिमाचल के कुछ क्षेत्रों में कोहरे ने मुश्किलें बढ़ाई हैं। उत्तराखंड में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन ठंड से राहत फिलहाल नहीं मिलेगी।

यूपी और राजस्थान में ठंड का असर बढ़ा

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने 10 जनवरी तक कोहरे और शीतलहर का अनुमान लगाया है। राजस्थान में भी ठंड बढ़ गई है, जहां बीकानेर, जयपुर और भरतपुर में 10-12 जनवरी के बीच बारिश की संभावना है।

बिहार और मध्य प्रदेश में भी ठंड बढ़ी

बिहार में पछुआ हवाओं की वजह से ठंड का असर और बढ़ सकता है। पटना और गया सहित अन्य जिलों में घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मध्य प्रदेश में भी ठंड के दूसरे दौर की शुरुआत हो चुकी है। राज्य के उत्तरी हिस्सों में कोहरे और सर्द हवाओं का असर तेज हो सकता है।

मौसम विभाग की सलाह है कि लोग जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और ठंड से बचने के लिए सावधानियां बरतें।

सुनिये भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल क्या कह रहे हैं: 
 

 

Published : 
  • 7 January 2025, 8:28 AM IST