IAS ऑफिसर विजय कुमार देव बने दिल्ली के नए मुख्य सचिव

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विजय कुमार देव को दिल्ली का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। विजय देव एजीएमयूटी कैडर के 1987 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में पढ़ें उनसे जुड़ी कुछ खास बातें…

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 23 November 2018, 3:15 PM IST

नई दिल्ली: भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी एवं दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार देव को दिल्ली का नया मुख्य सचिव बनाया गया है।

यह भी पढ़ें: डाइनामाइट न्यूज़ की खबर का बंपर असर..राहत आयुक्त पद से हटाये गये IAS संजय कुमार

 देव 1987 के अरुणाचल , गोवा, मिजोरम एवं केंद्र शासित (एजीएमयूटी ) कैडर के आईएएस हैं। उनकी नियुक्ति अंशु प्रकाश के स्थान पर की गई है जिनका तबादला कुछ दिन पहले ही केन्द्र में दूरसंचार विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर किया गया था। गृह मंत्रालय की मंजूरी मिलने पर अतिरिक्त सचिव (केंद्र शासित) गोविंद मोहन ने 22 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किए। देव की नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने के दिन से प्रभावी होगी। 

तेजतर्रार कार्यशैली की पहचान रखने वाले नौकरशाह देव पहले भी दिल्ली में कई पदों पर काम कर चुके हैं।  देव दिल्ली परिवहन निगम के अध्यक्ष, राजस्व विभाग के प्रधान सचिव के अलावा पहले भी दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी समेत कई अन्य पदों पर रह चुके हैं। उनका 24 दिसंबर 2014 को दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पद से तबादला कर चंडीगढ़ प्रशासक का सलाहकार बनाया गया था। इस पद पर करीब पंद्रह महीने रहने के बाद वह फिर केंद्र की सेवा में लौट आये और कुछ माह पूर्व उन्हें फिर से दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई थी।

यह भी पढ़ें: यूपी में तीन IPS अधिकारियों के तबादले, एमके बशाल की ट्रैफिक से छुट्टी​​​​​​​

 प्रकाश को करीब एक साल पहले ही दिल्ली का मुख्य सचिव नियुक्त किया था। इसी वर्ष 19 फरवरी की रात को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों के उनके साथ कथित मारपीट को लेकर काफी विवाद खड़ा हुआ था। यह मामला अदालत में चल रहा है। (वार्ता) 

Published : 
  • 23 November 2018, 3:15 PM IST

No related posts found.