
लखनऊ: देश में हर साल गणतंत्र दिवस परेड में राजपथ पर दिखाई जाने वाली विभिन्न तरह की झाकियों में कुछ न कुछ खास जरूर होता है। देश में गणतंत्र दिवस की अंतिम तैयारियों के बीच राजपथ एक बार इन झाकियों के साथ सुशोभित होने वाला है। इस बार देश के 72वें गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर 32 झांकियां देखने को मिलेगी। इन झाकियों के साथ ही उत्तर प्रदेश की झांकी भी राजपथ पर दिखेगी लेकिन इस बार की यह झांकी कई मायनों में अलग और एकदम नई होगी।
झांकी का निर्माण कार्य
गणतंत्र दिवस परेड में राजपथ पर दिखाई जाने वाली उत्तर प्रदेश की झांकी आज यानि रविवार 24 जनवरी की शाम तक बनकर तैयार होने जा रही है। उत्तर प्रदेश द्वारा इस बार अपनी झांकी को अयोध्या की सांस्कृतिक धरोहर की थीम पर प्रस्तुत किया जायेगा। राज्य की झांकी के निर्माण में जुटे टीम के एक सदस्य संतोष सिंह का कहना है कि इस बार की झांकी का निर्माण कुछ अलग तरह से किया जा रहा है, क्योंकि इसमें यूपी की सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक थीम पर तैयार किया जा रहा है।
अयोध्या की विरासत और राम मंदिर
इस बार यूपी के शोकेस में राजपथ पर अयोध्या की विरासत देखने को मिलेगी। इसके साथ ही इस शहर की प्राचीन विरासत और संस्कृत को भी इसके जरिये प्रदर्शित किया जायेगा। प्राचीनता के साथ वर्तमान को जोड़ती इस झांकी में अयोध्या में बनने जा रहे राम मंदिर की झलक भी दर्शकों को देखने को मिलेगी। इस तरह राम मंदिर की प्रतिकृति को लोग पहली बार सार्वजनित तौर पर देख सकेंगे। श्रीराम मंदिर पर प्रदशित इस झांकी में उत्तर प्रदेश के कलाकार शानदार प्रस्तुति देंगे, जो रामायण की थीम पर होगी। इन सबकी तैयारियां जोर शोर से चल रही है।
भव्य दीपोत्सव के दर्शन
राम मंदिर के अलावा उत्तर प्रदेश की झांकी में अयोध्या में होने वाला भव्य दीपोत्सव भी दिखाया जाएगा। अयोध्या में हाल ही में छह लाख दीपों के प्रज्जवल का गिनीज बुक रिकॉर्ड भी झांकी में दिखाया जाएगा। इसके अलावा यहां के धार्मिक और आध्यात्मिक जीवन को भी झांकी के जरिये शोकेस किया जायेगा।
डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत
भारतीय तकनीक और डिजिटल इंडिया की एक झलक भी झांकी में दिखाई जाएगी। आत्मनिर्भर भारत को भी झांकी में पेश किया जायेगा। झांकी में 3D AL रोबोट का मॉडल दिखाई देगा, जो देश में बढती डिजिटल क्रांति को प्रदर्शित करेगा।
दिखेंगी इन राज्यों की भी झाकियां
इस बार गणतंत्र दिवस पर लद्दाख, असम, गुजरात, तमिल नाडु, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पंजाब, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, दिल्ली, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश आदि राज्यों की झांकी देखने को मिलेगी। इसके अलावा कई मंत्रालयों और महत्त्वपूर्ण विभागों की झांकियां भी देखने को मिलेगी।
कोरोना का प्रभाव
कोरोना संक्रमण के कारण इस बार के आयोजन को छोटा किया गया है और परेड देखने के लिये आने वाले दर्शकों की संख्या बेहद सीमित कर दी गयी है। इस बार एंट्री प्वाइंट पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही कोरोना गाइडलाइंस का भी पालन किया जायेगा।
Published : 24 January 2021, 2:00 PM IST
Topics : 26 जनवरी Ram Mandir Republic Day tableau uttar pradesh उत्तर प्रदेश गणतंत्र दिवस झांकी राजपथ लखनऊ