
नई दिल्ली: श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में प्रसाद के रूप में वितरित किए जाने वाले प्रसिद्ध तिरुपति लड्डू में कथित मिलावट के मामले में CBI ने बड़ा एक्शन लिया है। CBI के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भोले बाबा डेयरी के पूर्व निदेशक विपिन जैन, पोमिल जैन, वैष्णवी डेयरी के अपूर्व चावड़ा और एआर डेयरी के राजू राजशेखरन शामिल हैं। इन चारों पर तिरुपति लड्डू बनाने में मिलावट करने और पशुओं की चर्बी का इस्तेमाल करने का आरोप है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवादाता के अनुसार, यह मामला सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शुरू हुआ था, जब BJP नेता सुब्रमण्यम स्वामी और YSRCP के राज्यसभा सांसद वाइवी सुब्बा रेड्डी समेत कई अन्य नेताओं ने लड्डू बनाने में घटिया सामग्री और जानवरों की चर्बी के इस्तेमाल के आरोप लगाए थे। नवंबर 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई के नेतृत्व में SIT का गठन किया था, जिसका उद्देश्य तिरुपति लड्डू में मिलावट के आरोपों की जांच करना था। इस जांच में केंद्रीय एजेंसी के दो अधिकारी, आंध्र प्रदेश पुलिस के दो अधिकारी और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का एक अधिकारी शामिल था।
जांच में सामने आया कि तिरुपति लड्डू बनाने में इस्तेमाल होने वाले घी की आपूर्ति में गंभीर अनियमितताएं थीं। विशेष रूप से, वैष्णवी डेयरी के अधिकारियों पर आरोप हैं कि उन्होंने मंदिर को घी की आपूर्ति करने के लिए एआर डेयरी के नाम से फर्जी निविदाएं हासिल कीं और निविदा प्रक्रिया में हेरफेर करने के लिए झूठे रिकॉर्ड बनाए। इन आरोपों के बाद पूरी जांच को और भी गंभीरता से लिया गया और SIT ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सितंबर 2024 में दावा किया था कि तिरुपति लड्डू बनाने में पशुओं की चर्बी का इस्तेमाल वाईएस जगन मोहन रेड्डी की सरकार के समय हुआ था।
Published : 10 February 2025, 9:33 AM IST
Topics : Andhra Pradesh Bhole Baba Dairy CBI action Dynamite News poorva Chavda Sri Venkateswara Swamy Temple Tirupati Laddu Case Vipin Jain