हिंदी
महराजगंज: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को महराजगंज जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने नौतनवा तहसील क्षेत्र के रतनपुर में रोहिन नदी पर 148 करोड़ की लागत से बने नवनिर्मित रोहिन बैराज का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने करीब 654 करोड़ रुपये की लागत वाली 629 विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास कर जिलेवासियों को बड़ी सौगात दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की 26 योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र और डॉक्टरों व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक नेपाल के पहाड़ों से निकलने वाली रोहिन नदी पर बने इस बैराज से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई में बड़ी राहत मिलेगी। बैराज से निकलने वाली नहरों के माध्यम से नौतनवा और लक्ष्मीपुर ब्लॉक के 65 गांवों के लगभग 16000 किसान लाभान्वित होंगे। लगभग 46 किलोमीटर लंबी इन नहरों से 8.811 हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई संभव हो सकेगी। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु' भी मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। जहां पहले प्रदेश देश की सातवीं अर्थव्यवस्था थी, वहीं अब यह देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। कार्यक्रम के दौरान नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी और सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया के साथ विधायक प्रेम सागर पटेल ने भी संबोधित किया। जिलाधिकारी अनुनय झा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री का दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Published : 5 April 2025, 6:00 PM IST