Tamil Nadu: पलानीस्वामी ने द्रमुक के सहयोगियों पर लगाया ‘गुलामी करने’ का आरोप, जानें पूरा मामला

डीएन ब्यूरो

अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ई के पलानीस्वामी ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सहयोगियों पर तमिलनाडु में सत्तारूढ़ दल का ‘‘दास’’ होने का बुधवार को आरोप लगाया और कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सहयोगी दलों के पास सच बोलने की स्वतंत्रता है। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

ई के पलानीस्वामी
ई के पलानीस्वामी


चेन्नई/नयी दिल्ली: अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ई के पलानीस्वामी ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सहयोगियों पर तमिलनाडु में सत्तारूढ़ दल का ‘‘दास’’ होने का बुधवार को आरोप लगाया और कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सहयोगी दलों के पास सच बोलने की स्वतंत्रता है।

पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने कहा कि तमिलनाडु में उनके दल अन्नाद्रमुक ने राजग का नेतृत्व किया, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गठबंधन की अगुवाई की।

पलानीस्वामी ने राष्ट्रीय राजधानी में दावा किया कि राजग चुनाव में 330 लोकसभा सीट पर जीत हासिल करेगा।

राष्ट्रीय राजधानी में डाइनामाइट न्यूज़ से बातचीत के दौरान पलानीस्वामी से सवाल किया गया कि क्या महंगाई जैसे कारकों को देखते हुए कुल मतों के 50 प्रतिशत से अधिक मत हासिल करना संभव होगा, जिसके जवाब में अन्नाद्रमुक के नेता ने कहा कि देश में कोरोना वायरस वैश्विक महामारी जैसे पहलुओं के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास हुआ है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा दुनिया की कई अर्थव्यवस्थाओं ने चुनौतियों का सामना किया, लेकिन भारत में ऐसा नहीं था क्योंकि राजग चुनौतियों से बेहतर तरीके से निपटा।

पलानीस्वामी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में दुनियाभर में देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि राजग नीत केंद्र ने युवाओं की आवश्यकता को समझते हुए काम किया और यह गठबंधन 2024 के लोकसभा चुनाव में 330 लोकसभा सीट जरूर जीतेगा। लोकसभा में कुल 543 सीट हैं।

उन्होंने कहा कि भले ही विधानसभा चुनाव हो या लोकसभा चुनाव, तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक गठबंधन का नेतृत्व करता है और राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा राजग का नेतृत्व करती है।

पलानीस्वामी ने कहा कि राजग में सहयोगी दल स्वतंत्र रूप से काम करते हैं, जबकि द्रमुक नीत मोर्चे में दल ‘‘गुलाम’’ की तहत काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि द्रमुक-कांग्रेस गठबंधन में स्टालिन नीत दल के हित सर्वोपरि हैं (तमिलनाडु के संदर्भ में, जहां कांग्रेस और वाम दल गठबंधन में शामिल हैं)।

उन्होंने कहा कि राजग में दलों को सच बोलने की स्वतंत्रता है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं कहा था कि ‘‘छोटी या बड़ी’’ पार्टी जैसी कोई चीज नहीं है।

पलानीस्वामी ने कहा कि राजग में ऐसे दल शामिल हैं जिनमें अलग-अलग विचारधाराओं के साथ अलग-अलग गुण हैं और आगे बढ़ने का लक्ष्य रखना और सत्ता पर कब्जा करने की आकांक्षा रखना सभी राजनीतिक दलों के लिए आम बात है।

उन्होंने कहा कि लेकिन चुनाव के लिए एक बार गठबंधन हो जाने पर सभी दलों के सामान्य हित एक हो जाते हैं और यही महत्वपूर्ण होता है।

अन्नाद्रमुक नेता ने भगवा पार्टी के विकास के बारे में भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख के. अन्नामलाई के बयानों तथा गठबंधन और अन्नाद्रमुक से जुड़े सवालों का जबाव देते हुए ये बयान दिए। पलानीस्वामी से पूछा गया था कि तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक और भाजपा में से राजग का नेतृत्व कौन सा दल करता है। द्रमुक वर्षों से अन्नाद्रमुक को ‘‘भाजपा की गुलाम पार्टी’’ कहता रहा है। पलानीस्वामी ने इसी की पृष्ठभूमि में द्रमुक पर निशाना साधा।

यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा के सहयोगी लोकसभा चुनाव होने तक गठबंधन में टिके रहेंगे, पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘इस सवाल का कोई तुक नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि भले ही ‘‘छोटी पार्टी हो या बड़ी पार्टी’’ राजग में सभी घटकों को उचित सम्मान दिया जाता है, जो 18 जुलाई की बैठक में दिखाई दिया और गठबंधन ने ‘‘सर्वसम्मत विचारों’’ के आधार पर कार्य किया।

पलानीस्वामी ने कहा कि तमिलनाडु में उनका दल राजग की अहम ताकत है। उन्होंने कहा कि अन्नाद्रमुक प्रमुख विपक्षी दल है और इसके 1.71 करोड़ सदस्य हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी के संस्थापक एम जी रामचंद्रन के समय से और बाद में पार्टी की दिवंगत प्रमुख जे जयललिता के कार्यकाल के दौरान, अन्नाद्रमुक ने समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन किए और चुनाव जीते थे।

द्रमुक ने आरोप लगाया है कि यदि भ्रष्टाचार के आरोप भाजपा से जुड़े नेताओं/दलों पर लगते हैं, तो उनके संबंध में कोई कार्रवाई नहीं होती। इस संबंध में पूछे जाने पर पलानीस्वामी ने कहा कि ‘‘पूरे देश में केवल द्रमुक की सरकार को भ्रष्टाचार के लिए बर्खास्त किया गया था।’’










संबंधित समाचार