हिंदी
नई दिल्ली: आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने एक और सीट पर उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। भाजपा ने केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे को रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने उम्मीदवारों की तेरहवीं सूची जारी करते हुए उनके उम्मीदवारी की घोषणा की। सूची में पार्टी ने केवल इसी सीट के लिए उम्मीदवार का एलान किया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार रत्नागिरी सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट को लेकर भाजपा और शिवसेना शिंदे गुट के बीच खींचतान चल रही थी। यहां से महाराष्ट्र सरकार में मंत्री उदय सामंत के भाई किरण सामंत चुनाव लड़ना चाहते थे। हालांकि अब शिंदे गुट ने सीट को लेकर दावेदारी वापस ले ली है और भाजपा ने केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे को प्रत्याशी बनाया है।
शिवसेना उद्धव गुट ने विनायक राउत को दिया टिकट
दूसरी ओर शिवसेना उद्धव गुट ने रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग से विनायक राउत को टिकट दिया है। वह यहां के मौजूदा सांसद भी हैं। इस सीट पर अब तक भाजपा चुनाव नहीं लड़ती थी। इससे पहले 2009 में नारायण राणे के बेटे नीलेश राणे भी यहां से सांसद चुने गए थे, तब वह कांग्रेस के टिकट से मैदान में थे।
Published : 18 April 2024, 12:32 PM IST
Topics : bjp Lok Sabha Election maharashtra Narayan Rane टिकट नारायण राणे बीजेपी महाराष्ट्र लोकसभा चुनाव