Manish Sisodia Bail: जानें सिसोदिया का जेल से बेल तक का पूरा सफर

डीएन ब्यूरो

करीब 17 महीने से जेल में बंद मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट ने आज शुक्रवार को जमानत दे दी। इस दौरान उन्होंने जेल में करीब 525 से अधिक दिन बिताये। आइये डाइनामाइट न्यूज के इस आर्टिकल में जानते हैं मनीष सिसोदिया की जेल से बेल तक के सफर के बारे में।

12 महीने बाद रिहा हुये मनीष सिसोदिया
12 महीने बाद रिहा हुये मनीष सिसोदिया


Manish Sisodia Bail: दिल्ली आबकारी नीति घोटाले (Delhi Excise policy) से जुड़े भ्रष्टाचार व धन शोधन मामलों में आप नेता मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी है। करीब डेढ़ साल से अधिक समय तक जेल में रहने के बाद अब मनीष सिसोदिया जेल से रिहा होंगे। 

क्या है दिल्ली शराब नीति?  
17 नवंबर 2021 को दिल्ली सरकार ने नई शराब नीति (New Liquor Policy) को लागू किया था। नीति के तहत दिल्ली में 32 जोन बनाये गये थे। हर जोन में ज्यादा से ज्यादा 27 दुकानें खुलनी थीं। कुल मिलाकर दिल्ली में 849 दुकानें खुलीं।

नई शराब नीति के तहत दिल्ली की सभी शराब की दुकानों को प्राइवेट कर दिया गया। नई नीति लागू होने के बाद दुकानें 100 प्रतिशत प्राइवेट हो गईं। सरकार का तर्क था कि इससे 3500 करोड़ रुपये का फायदा होगा, लेकिन इस पॉलिसी को बंद करना पड़ा।

आइये नजर डालते हैं इस केस में कब-कब क्या-क्या हुआ

1. दिल्ली के तत्कालीन डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने 22 मार्च 2021 को नई शराब नीति का ऐलान किया था। सिसोदिया ने बयान दिया था कि इससे सरकारी खजाना बढ़ेगा। 

2. दिल्ली सरकार ने 17 नवंबर 2021 को नई शराब नीति 2021-22 लागू की थी। इस नीति के तहत शराब की दुकानें प्राइवेट हो गईं।  

3. दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार ने 8 जुलाई 2022 को नई शराब नीति में गड़बड़ी का अंदेशा जताया। फिर उन्होंने एक रिपोर्ट एलजी वीके सक्सेना (VK Saxena) को भेजी। रिपोर्ट में मनीष सिसोदिया पर शराब कारोबारियों को अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप था। इसके बाद एलजी सक्सेना ने मुख्य सचिव की रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई जांच की मांग की। 

4. 28 जुलाई 2022 को दिल्ली सरकार ने नई शराब नीति रद्द कर दी। पुन: पुरानी पॉलिसी फिर से लागू कर दी गई।

5. सीबीआई ने 17 अगस्त 2022 को इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इसमें मनीष सिसोदिया, तीन रिटायर्ड सरकारी अधिकारी, 9 बिजनेसमैन और 2 कंपनियों को आरोपी बनाया गया।

6. प्रवर्तन निदेशालय ने भी 22 अगस्त 2022 को सीबीआई से मामले की जानकारी लेकर मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया।

7. 12 सितंबर 2022 को सीबीआई (CBI) ने आम आदमी पार्टी के संचार प्रमुख विजय नायर (Vijay Nayar) को गिरफ्तार कर लिया। 

8. काफी पूछताछ करने पर सीबीआई ने 26 फरवरी 2023 को मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया।

9. ईडी (ED) ने 4 अक्टूबर 2023 को संजय सिंह (Sanjay Singh) को गिरफ्तार कर लिया।

10. ईडी ने 2 नवंबर 2023 को शराब नीति केस में केजरीवाल को पहला समन जारी किया, 

11. ईडी ने अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को 21 दिसंबर 2023 को दूसरा व 3 जनवरी 2023 को तीसरा, 17 जनवरी 2024 को चौथा, 2 फरवरी 2024 को पांचवा, 22 फरवरी 2024 को छठा, 26 फरवरी  2024 को सातवां और 27 फरवरी 2024 को आठवां समन भेजा। 

12. प्रवर्तन निदेशालय ने 16 मार्च 2024 को भारत राष्ट्र समिति की नेता के कविता को हिरासत में लिया।

13. 29 जुलाई 2024 को सिसोदिया की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने ईडी व सीबीआई को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। 

14. 6 अगस्त 2024 को सुप्रीम कोर्ट ने आप नेता मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा। 

15. सुप्रीम कोर्ट ने 09 अगस्त 2024 को मनीष सिसोदिया को जमानत दे दी।










संबंधित समाचार