Hockey World Cup 2023: गोवर्स के आगे दक्षिण अफ्रीका पस्त

ऑस्ट्रेलिया ने ब्लेक गोवर्स के दमदार खेल की बदौलत शुक्रवार को एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के पूल-ए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 9-2 से रौंद दिया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 20 January 2023, 5:39 PM IST
google-preferred

राउरकेला: ऑस्ट्रेलिया ने ब्लेक गोवर्स के दमदार खेल की बदौलत शुक्रवार को एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के पूल-ए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 9-2 से रौंद दिया।

बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पर खेले गये एकतरफा मुकाबले में गोवर्स (तीसरा, 14वां, 18वां, 19वां मिनट) ने ऑस्ट्रेलिया के लिये चार गोल किये। इसके अलावा टॉम क्रेग (नौवां), जेक हार्वी (21वां), डेनियल बील (27वां), जेरेमी हेवर्ड (31वां) और टिम ब्रैंड (46वां मिनट) ने विजेता टीम के लिये एक-एक गोल किया।

दक्षिण अफ्रीका के लिये एन्कोबिले एन्टुली (सातवां) और टेविन कॉक (57वां मिनट) ने गोल दागा।ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ पूल-ए से क्वार्टरफाइनल के लिये क्वालीफाई कर लिया, जबकि दक्षिण अफ्रीका पूल स्टेज के अपने सभी मुकाबले हारकर शीर्ष-आठ की दौड़ से बाहर हो गया।पहली सीटी बजते ही मैच में हावी हुए गोवर्स ने 20 मिनट के अंदर चार गोल दागकर ऑस्ट्रेलिया को मुकाबले में विशाल बढ़त दिला दी।

तीसरे मिनट में फील्ड गोल करने के बाद गोवर्स ने 14वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर स्कोर किया, जबकि दूसरे क्वार्टर के तीसरे मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को भी उन्होंने सफलतापूर्वक गोल में तब्दील किया।अगले ही मिनट गोवर्स ने एक और फील्ड गोल किया, जबकि क्रेग, हार्वी और बील ने भी एक-एक गोल करके पहले हाफ की समाप्ति से पूर्व ऑस्ट्रेलिया को अजेय स्थिति में पहुंचा दिया।

एन्टुली ने सातवें मिनट में दक्षिण अफ्रीका के लिये गोल किया मगर ऑस्ट्रेलिया की प्रत्याक्रमण नीति से दक्षिण अफ्रीका पहला हाफ समाप्त होने तक 7-1 से पिछड़ चुका था।दक्षिण अफ्रीका की रक्षा पंक्ति ने तीसरे क्वार्टर में बेहतर खेल दिखाया और हेवर्ड को चार में से सिर्फ एक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करने दिया।

ब्रैंड ने हालांकि चौथा क्वार्टर शुरू होते ही ऑस्ट्रेलिया का नौवां गोल दाग दिया। टेविन कोक ने मुकाबला खत्म होने से तीन मिनट पहले विश्व कप में अपना पहला गोल किया लेकिन यह दक्षिण अफ्रीका को जीत दिलाने के लिये काफी नहीं था।दक्षिण अफ्रीका ने पुरुष हॉकी के इतिहास में अब तक ऑस्ट्रेलिया को मात नहीं दी है।(वार्ता)

Published : 
  • 20 January 2023, 5:39 PM IST

Related News

No related posts found.