
बेगुसराय: बिहार की बेगुसराय पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोरिया के पास से हुई,जहां से आरोपियों के पास से 25 एटीएम कार्ड,9 चेकबुक, 8 मोबाइल फोन, 8 पैन कार्ड, 5 आधार कार्ड, एक वोटर आईडी कार्ड, एक पासबुक और एक कार बरामद की गई है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवादादता के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोरिया चौक के पास वासुदेवपुर जाने वाली बांध पर कुछ साइबर अपराधी पैसे के लेनदेन को लेकर झगड़ा कर रहे हैं। इसके साथ ही मौके पर एक सफेद रंग की कार मिली, जिस पर 'मजिस्ट्रेट' लिखा हुआ था।
इस सूचना के आधार पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम, पुलिस बल, बेगूसराय जिला आसूचना इकाई (DIU) के साथ त्वरित रूप से मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की। पुलिस को आता देख आरोपी सफेद रंग की कार में बैठकर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार लोगों में प्रयागराज के कुंदन कुमार, स्वप्निल शर्मा, भोजपुर जिले के शाहपुर के सूर्यकांत ओझा, महमदपुर के केशव कुमार, वीरपुर के अभिमन्यु कुमार और राजीव रंजन उर्फ राजा शामिल हैं।
मजिस्ट्रेट गीता त्रिपाठी के नाम से क्यों रजिस्टर्ड है कार?
एसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से पुलिस ने महिंद्रा कंपनी की वेरिटो कार भी बरामद की है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP70CM-6093 है। यह कार गीता त्रिपाठी के नाम पर है, जो यूपी सरकार में मजिस्ट्रेट रह चुकी हैं। उनकी मौत के बाद उनके रिश्तेदार स्वप्निल कुमार इस कार का इस्तेमाल कर रहे थे।
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से किया पूछताछ
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और उनकी गतिविधियों के बारे में अधिक जानकारी हासिल करने के लिए पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों पर साइबर ठगी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या ये लोग अन्य जगहों पर भी इसी तरह की घटनाओं में शामिल थे। पुलिस की यह कार्रवाई साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़े अभियान का हिस्सा है,जिससे डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
Published : 3 April 2025, 3:25 PM IST
Topics : BegusaraiNews BegusaraiPolice Biharnews biharpolice CrimeInBegusarai CrimeinBihar CyberFraudCrime DynamiteNews HindiNews LatestNews