आप, भाजपा के प्रदर्शन को लेकर मध्य दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, अतिरिक्त पुलिसबल तैनात

आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदर्शन के मद्देनजर मध्य दिल्ली में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और अतिरिक्त पुलिसबल तैनात किया गया है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 2 February 2024, 10:10 AM IST

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदर्शन के मद्देनजर मध्य दिल्ली में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और अतिरिक्त पुलिसबल तैनात किया गया है।

आप चंडीगढ़ में हुए महापौर पद के चुनाव में कथित धोखाधड़ी को लेकर भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी, वहीं भाजपा ने कहा है कि उसके सदस्य अरविंद केजरीवाल सरकार के ‘भ्रष्टाचार’ के खिलाफ आप मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन करेंगे।

यह भी पढ़ें: पंजाब में राहुल गांधी के रिमोट कंट्रोल वाले बयान पर आम आदमी पार्टी ने कही ये बात

दोनों पार्टियों का मुख्यालय पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर है और इनके बीच की दूरी 800 मीटर से भी कम है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उचित इंतजाम किए गए हैं।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार उन्होंने कहा, ‘‘प्रदर्शन को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया है। किसी को भी कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।’’

यह भी पढ़ें: भाजपा चुनाव जीतने के लिए सबको जेल में डाल रही है

पुलिस ने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर यातायात प्रभावित होगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होंगे।

मंगलवार को भाजपा ने चंडीगढ़ महापौर चुनाव में जीत हासिल की और इस जीत से विपक्षी गुट ‘इंडिया’ के घटक आप और कांग्रेस को झटका लगा है।

भाजपा की दिल्ली इकाई ने कहा कि उसके अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी अन्य लोगों के साथ केजरीवाल सरकार के ‘भ्रष्टाचार’ के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

Published : 
  • 2 February 2024, 10:10 AM IST