हिंदी
गंगटोक: भारतीय सेना, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और पुलिस दल बुधवार को लगातार दूसरे दिन सिक्किम में जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर 15वें माइल के पास बचाव एवं तलाश अभियान चला रहे हैं ताकि हिमस्खलन के बाद वहां फंसे पर्यटकों का पता लगाया जा सके।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पूर्वी सिक्किम के नाथुला इलाके में मंगलवार को हुए भीषण हिमस्खलन में सात पर्यटकों की मौत हो गई थी, जबकि 13 अन्य घायल हो गए थे। हिमस्खलन से जवाहरलाल नेहरू मार्ग प्रभावित हो गया, जो राज्य की राजधानी गंगटोक को चीन की सीमा पर स्थित नाथुला से जोड़ता है। पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे हुए हिमस्खलन में करीब 30 लोगों के साथ पांच-छह वाहन बर्फ के नीचे फंस गए।
पूर्वी सिक्किम के जिलाधिकारी तुषार निखाने ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया, ‘‘ 15वें माइल के पास किसी पर्यटक के बर्फ में फंसे होने का पता लगाने के लिए हमने सुबह करीब आठ बजे से बचाव एवं तलाश अभियान शुरू किया।’’
यह पूछे जाने पर कि कोई पर्यटक मृत या जीवित मिला है, उन्होंने कहा कि बचाव कार्य पूरी क्षमता से चलाया जा रहा है और अभियान समाप्त होने के बाद विवरण साझा किया जाएगा।
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार रात एसटीएमएन का दौरा किया और घायल पर्यटकों से बात की। उन्होंने अस्पताल अधिकारियों को घायलों के लिए हरसंभव इलाज मुहैया कराने का आदेश भी दिया।
Published : 5 April 2023, 1:01 PM IST
Topics : तलाश फंसे सिक्किम हिमस्खलन
No related posts found.