हिंदी
वायनाड (केरल): कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के बाद मंगलवार को पहली बार वायनाड आएंगे। वायनाड से वे मौजूदा लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे थे।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के मुताबिक राहुल के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा भी मौजूद रहेंगी। दोनों शक्ति प्रदर्शन के रूप में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के मुताबिक वायनाड दौरे से ठीक एक दिन पहले सोमवार को कांग्रेस ने राहुल गांधी से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अडाणी मुद्दों के लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।
कांग्रेस के ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किये गये इस वीडियो में राहुल गांधी केंद्र सरकार से पूछ रहे हैं कि “LIC और SBI में जनता का पैसा लगा है। इस पैसे को अडानी को बचाने के लिए क्यों खर्च किया जा रहा?”
केरल की वायनाड संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत द्वारा वर्ष 2019 के मानहानि के एक मामले में दोषी ठहराए जाने तथा सजा सुनाए जाने के बाद हाल ही में लोकसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य ठहरा दिया गया था।
कांग्रेस के दोनों नेता सबसे पहले दोपहर में कालपेट्टा में एक रोडशो ‘सत्यमेव जयते’ में हिस्सा लेंगे।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि रोडशो के दौरान पार्टी के ध्वज की बजाय राष्ट्रीय ध्वज का इस्तेमाल किया जाएगा।
पार्टी के अनुसार, इसके बाद वे एक और कार्यक्रम ‘कल्चरल डेमोक्रेटिक डिफेंस’ में हिस्सा लेंगे। केरल के सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े कुछ लोगों के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है।
राहुल और प्रियंका दोपहर में यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, केपीसीसी के अध्यक्ष के. सुधाकरन, मुस्लिम लीग के प्रदेश अध्यक्ष पनक्कड़ सैय्यद सादिक अली शिहाब थंगल, एआईसीसी के महासचिव तारिक अनवर और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीशन जैसे कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भी यूडीएफ द्वारा आयोजित बैठक में हिस्सा लेंगे।
उल्लेखनीय है कि सूरत की एक अदालत ने ‘मोदी उपनाम’ संबंधी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ 2019 में दर्ज आपराधिक मानहानि के एक मामले में उन्हें पिछले महीने दोषी ठहराया था तथा और दो साल के कारावास की सजा सुनाई थी।
Published : 11 April 2023, 10:49 AM IST
Topics : Congress Priyanka Gandhi Rahul Gandhi Wayanad Tour कांग्रेस जनसभा प्रियंका गांधी राहुल गांधी वायनाड दौरा