
उधमसिंह नगर: जनपद के नानकमत्ता में हुए बाबा तरसेम सिंह हत्याकांड मामले के मुख्य शूटर सरबजीत सिंह को पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया। पंजाब से रुद्रपुर लाते समय काशीपुर के पास पुलिस की गाड़ी टायर फटने से पलट गई। इस दौरान सरबजीत सिंह मौैके का फायदा उठाकर पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने लगा। पुलिस ने आरोपी का पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार तरसेम सिंह के हत्यारोपी और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में सरबजीत के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही जिले के पुलिस कप्तान काशीपुर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार 28 मार्च 2024 को हुए नानकमत्ता के बहुचर्चित तरसेम सिंह हत्याकांड मामले में मुख्य शूटर सरबजीत सिंह फरार था। पुलिस ने मंगलवार की रात उसे तरनतारन से गिरफ्तार कर लिया था।
एसएसपी मणिकांत मिश्र ने बताया कि रुद्रपुर लाते समय बुधवार रात करीब 10 बजे ढेला पुल और बांसखेड़ा के बीच गाड़ी का ट्यूबलेस टायर फट गया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई।
आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर पुलिसकर्मी संजय कुमार की पिस्टल छीन ली और गाड़ी से कूदकर गेहूं के खेत में भाग खड़ा हुआ। इसके बाद उसने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिसकर्मी शुभम सैनी के बाएं हाथ के बाजू पर लग गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों घुटनों में गोली लगी। पुलिस उसे पकड़कर काशीपुर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका उपचार किया गया।
एसएसपी मणिकांत मिश्र, एसपी अभय प्रताप सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की। गाड़ी पलटने से पुलिसकर्मी धनराज शाह के हाथ में, नानकमत्ता एसओ उमेश कुमार के सिर में चोट आई है। अन्य पुलिसकर्मियों को हल्की चोट आई हैं।
एसएसपी ने बताया कि बाबा तरसेम सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह पर दो लाख रुपये का इनाम था। इसके बारे में कई बार सूचना प्राप्त हुईं लेकिन वह बार-बार स्थान बदलता रहा।
पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे मंगलवार रात पंजाब के तरनतारन से गिरफ्तार कर लिया।
Published : 27 March 2025, 1:27 PM IST
Topics : Dynamite News Kashipur Crime News Police encounter in Kashipur Sarabjeet Tarsem Singh murder case Udham Singh Nagar News Uttrakhand