Ballia: 17 लाख का गबन करने वाले सोहांव उप डाकपाल को पुलिस ने किया गिरफ्तार

नरही पुलिस ने सोहांव उप डाकघर से 17 लाख रुपये का गबन करने वाले उप डाकपाल सोहांव को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की ये रिपोर्ट।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 23 October 2024, 8:41 PM IST
google-preferred

बलिया: जिले में नरही पुलिस (Narahi Police) ने सोहांव उप डाकघर से 17 लाख रुपये का गबन करने वाले उप डाकपाल सोहांव को उसके घर ग्राम ठकुरी थाना पालीगंज जनपद पटना बिहार से मंगलवार की रात गिरफ्तार कर लिया है। इसका खुलासा आज बुधवार को नरही पुलिस ने मीडिया के समक्ष किया। अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया। पकड़े गये अभियुक्त उप डाकपाल सोहांव पर 17 लाख रुपये गबन करने का मुकदमा दर्ज है। 

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक नरही थाने में श्यामा चरण मिश्र पुत्र पुजारी मिश्र ग्राम केशरी छपरा जिला कुशीनगर, वर्तमान में सहायक डाक अधीक्षक उपमण्डल रसड़ा द्वारा 06 दिसम्बर 2023 को उप डाकघर सोहांव के वार्षिक निरीक्षण के दौरान सरकारी नकदी कम पाई गई। इसकी सूचना अधीक्षक डाकघर बलिया मण्डल बलिया को दी गई थी, जिसके बाद राजेश कुमार पुत्र अशोक कुमार शर्मा उप डाकपाल सोहाव थाना नरही जिला बलिया को निलंबित कर दिया गया था। 

जांच कमेटी का गठन
गबन के मामले में अधीक्षक डाक बलिया मण्डल बलिया द्वारा जांच कमेटी का गठन किया गया था, जिसमें श्यामा चरण मिश्र सहायक डाक अधीक्षक उप मण्डल रसड़ा (Rasada) को अध्यक्ष और अंगद कुमार यादव उप मण्डलीय निरीक्षक डाकघर केन्द्रीय उप मण्डल बलिया को सदस्य नामित किया गया। 

बिहार से आरोपी गिरफ्तार
राजेश कुमार पुत्र अशोक कुमार शर्मा ने 26 जून 2023 से 11 दिसम्बर 2023 तक उप डाकपाल सोहांव के रूप में कार्य किया। इस अवधि में अनियमितता कर कुल 1700000 के गबन का मामला प्रकाश में आया है। इसके बाद नरही पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई। इसी क्रम में नरही पुलिस ने मंगलवार की रात अभियुक्त राजेश कुमार पुत्र अशोक कुमार शर्मा उप डाकपाल सोहाव थाना नरही जिला बलिया को स्थाई निवासी ठकुरी थाना पालीगंज जिला पटना बिहार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया।